जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में धान खरीदी का हुआ शुभारंभ, किसानों को हार पहनाकर किया गया अभिनंदन, दूसरे दिन के लिए 2 किसानों ने कटवाया टोकन

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, अम्बिकापुर

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ जिले के सभी 46 उपार्जन केन्द्रों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अन्नदाता किसानों को फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया। धान खरीदी के दूसरे दिन 2 नवंबर 2022 को धान बेचने के लिए उपार्जन केन्द्र  परसा में कृषक श्री अरूण जायसवाल ने टोकन कटाकर धान बेचने का श्री गणेश किया। वहीं सीतापुर जनपद के प्रतापगढ़ उपार्जन केन्द्र में भी एक किसान ने टोकन कटवाया।
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने धान बेचने के इच्छुक किसानों को तत्काल टोकन जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उप संचालक कृषि श्री एम.आर. भगत ने बताया है कि जिले में मानसून विलंब से सक्रिय होने एवं लंबी अवधि तक बने रहने के कारण धान पकने की अवधि में भी प्रभावित हुई है। वर्तमान में जिले में शीघ्र पकने वाली धान की फसल की कटाई प्रारंभ हो गई है। फसलों में नमी अधिक होने के कारण किसान धान की मिंजाई नहीं कर पा रहे हैं जिसके कारण पर्याप्त मात्रा में टोकन जारी नहीं हो पा रहा है।  
खाद्य अधिकारी ने बताया है कि धान खरीदी की निर्धारित अवधि 1 नवंबर 2022 से 31 जनवरी 2023 के दौरान किसान अपना धान समिति में लाकर समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकते हैं। किसानों की सुविधा हेतु मोबाइल एप्प टोकन तुंहर हाथ के माध्यम से किसान द्वारा स्वयं टोकन जारी करने का प्रावधान दिया गया है।

Related posts