कलेक्टर ने सुदूर वनांचल क्षेत्र मोहला, मानपुर और अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्रामों में पहुंचकर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर किया निरीक्षण

Advertisements
Advertisements

शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रावासों की व्यवस्था तथा विकास कार्यों की ली जानकारी

निर्माणाधीन स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र और छात्रावास भवन का निर्माण समय-सीमा में करने के दिए निर्देश

बालिका छात्रावास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो

राजनांदगांव. कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज सुदूर वनांचल क्षेत्र मोहला, मानपुर और अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्रामों में पहुंचकर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रावासों की व्यवस्था तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, विकासखंड स्तरीय अनुसूचित जनजाति छात्रावास एवं मोहला विकासखंड के ग्राम पेंदाकोडो के कस्तूरबा गांधी आवासीय महिला परिषद निर्माणाधीन भवन, पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास तथा मानपुर विकासखंड के आदर्श गौठान ग्राम उरझे, प्राथमिक शाला ग्राम पंचालफड़की, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कार्यालय निर्माण स्थल में पहुंचकर कार्यों का जमीनी स्तर पर अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी और मानपुर विकासखंड के  स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने विकासखंड अम्बागढ़ चौकी और मानपुर विकासखंड के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं एवं दसवीं कक्षा के बच्चों से वहां की शिक्षा व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। कक्षा में बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्र पूछे। उन्होंने स्कूल परिसर के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों के शेष निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कक्षाओं की खिडि़कियों में जाली तथा स्मार्ट बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। स्कूल में लैब निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि लैब का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। स्कूल परिसर साफ-सुधरा और आकर्षक होना चाहिए। कक्षाओं के दीवारों में शिक्षा से संबंधित पेंटिंग कराएं। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में प्रायमरी क्लास, मिडिल क्लास और हाई क्लास की कक्षाएं एक ही स्थान पर लगे।

कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी और मानपुर विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का लिया जायजा

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने विकासखंड अम्बागढ़ चौकी और मानपुर विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में शेष निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश सीजीएमएससी के उप अभियंता को दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। अम्बागढ़ चौकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, एक्स-रे कक्ष, आयुष्मान पंजीयन कक्ष, लेबर कक्ष, फार्मेसी रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले मरीजों की प्रतीक्षा के लिए सुव्यवस्थित बैठक  व्यवस्था बनाएं। अस्पताल कीसाफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया गया है। इसका लाभ नागरिकों को मिलना चाहिए। अस्पताल के रख-रखाव तथा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान दिया जाए।

कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी 500 सीटर छात्रावास भवन का किया निरीक्षण, एकलव्य आदर्श विद्यालय को जल्द ही शिफ्ट करने के दिए निर्देश

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड मुख्यालय में 500 सीटर छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श विद्यालय मानपुर को जल्द ही यहां शिफ्ट करें। छात्रावास प्रारंभ होने से पहले बच्चों के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्य करें। बालिका छात्रावास में महिला अधीक्षक ही रहना चाहिए। यहां लड़कों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहें। अधिकारी सिर्फ निरीक्षण के लिए यहां आएंगे। शाम के बाद पुरूष अधिकारी प्रवेश नहीं करेंगे। सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग श्री एमएल देशलहरे ने बताया कि एकलव्य आदर्श विद्यालय मानपुर में 90 सीटर छात्रावास संचालित है। मानपुर में एकलव्य आदर्श विद्यालय नए भवन का निर्माण किया जाएगा। नए भवन निर्माण होने तक यह विद्यालय अम्बागढ़ चौकी 500 सीटर छात्रावास में संचालित होगा। नए भवन निर्माण होने के बाद इसका संचालन वापस मानपुर में किया जाएगा।

कलेक्टर ने मोहला विकासखंड के ग्राम पेंदाकोडो में कस्तूरबा गांधी आवासीय महिला परिषद निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री सिन्हा ने मोहला विकासखंड के ग्राम पेंदाकोडो में लगभग 3 करोड़ 2 लाख रूपए की राशि से कस्तूरबा गांधी आवासीय महिला परिषद निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण समय-सीमा में जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम मोहला ललितादित्य नीलम, एसडीएम मानपुर राहुल रजक, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग एमएल देशलहरे, जनपद सीईओ मानपुर डीडी मंडले, तहसीलदार मानपुर मनोज रावटे, तहसीलदार मोहला कुलदीप ठाकुर, डीपीएम गिरीश कुर्रे, नायब तहसीलदार सृजल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!