छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक-2022 : रायपुर में संभाग स्तरीय स्पर्धाएं शुरू, सत्यनारायण शर्मा ने किया शुभारंभ, दो दिन होंगी प्रतिस्पर्धाएं

Advertisements
Advertisements

शहर के तीन बड़े खेल मैदानों में होगी 14 खेलों की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ी लोक खेलो के संरक्षण और उन्हें बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलों का तीसरा चरण आज रायपुर जिले में शुरू हो गया है। रायपुर ग्रामीण विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के तहत संभाग स्तरीय प्रतिस्पर्धाओं का स्थानीय सुभाष स्टेडियम में शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल के मंशानुरूप पारंपरिक छत्तीसगढ़िया खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलों का आयोजन कराया जा रहा है। इन खेलों में ग्रामीण और नगरीय निकायों के बच्चें-युवा, महिला और बुजुर्ग शामिल हो रहे है। इन खेलों के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगा। मानसिक विकास के लिए जिस तरह शिक्षा आवश्यक है ठीक उसी तरह शारीरिक विकास के लिए खेल महत्तवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन खेलों से लोंगो में खेल भावना का विकास होने के साथ-साथ आपसी प्रेम और भाईचारा में वृद्धि होगा। इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहे सभी खिलाड़ियों और प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं।

इस अवसर पर धरसीवां विधायक श्रीमती अनिता शर्मा, रायपुर उत्तर विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, नगर निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर, बीरगांव नगर निगम के महापौर श्री नंद लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री ज्ञानेश शर्मा, कलेक्टर श्री डॉ. सर्वेश्वर भुरे, रायपुर निगम आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के सीईओ श्री आकाश छिकारा, बीरगांव निगम आयुक्त श्री जयंत नाहटा सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि और स्कूली छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहें।

कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने आयोजन की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशानुसार छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलों का आयोजन 6 अक्टूबर से जारी है। कलेक्टर ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं दो दिन तक चलेंगी। संभाग स्तरीय इस खेल प्रतियोगिता में रायपुर सहित गरियाबंद, धमतरी, बलौदा बाजार-भाटापारा और महासमुंद जिला के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

चौदह खेल, तीन मैदान में दो हजार प्रतियोगी होंगे शामिल- इस प्रतियोगिता में अब जिला स्तर के विजेताओं के बीच 14 खेलों में मुकाबला होगा। संभाग स्तरीय यह खेल प्रतियोगिताएं तीन बड़े मैदानों पर आयोजित की जा रही है। नेताजी सुभाष स्टेडियम में कबड्डी, बांटी, पिट्ठूल, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़ और भौरा चलाने की प्रतियोगिताएं हो रही है। सप्रे शाला मैदान पर खो-खो, गिल्ली डण्डा और रस्सा खींच की प्रतियोगिताएं हो रही है। 100 मीटर की दौड़, लम्बी कूद, लंगड़ी और संखली खेलों की प्रतिस्पर्धाएं स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में हो रही है। इन खेलों में लगभग दो हजार खिलाड़ी शामिल हो रहें हैं।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!