कांग्रेस संगठन के बीच बदलाव को लेकर भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता का तंज, कांग्रेस में जाने और आने वालो के लंबी गुटीय लड़ाई चल रही है

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस के नेताओं और प्रदेश सरकार  में  कोहराम की गूंज सुनाई पड़ रही है। श्री गुप्ता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चल रही सियासी कवायद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह उठापटक इस बात की तस्दीक करती है कि कांग्रेस के अंदरखाने सत्ता और संगठन में तालमेल का अभाव है। चुनावी वर्ष में कांग्रेस में इस ऊहापोह की परिणिति किस रूप में होगी?

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में इन दिनों अंदरूनी लड़ाई चरम पर है। कई दिनों से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की ख़बरें सियासी पारे को गर्म कर रही हैं। लेकिन, प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की घोषणा हाईकमान नहीं कर पा रहा है। श्री गुप्ता ने कहा कि हाईकमान के अनिर्णय की स्थिति की वजह यह है कि जो बदले जाने हैं, उनका एक गुट है जो संगठन पर दबाव डाल रहा है, इधर नए संभावित प्रदेश अध्यक्ष का भी अपना एक गुट है। इसलिए बार-बार यह खबरें आती है कि ‘वो’ आने वाले हैं और ‘ये’ जाने वाले हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि ऐसी दशा में ‘जाने वाले’ और ‘आने वाले’ के बीच में जो यह लड़ाई चल रही है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पूरी तरह बिख़र चुकी है, अंदर से टूट चुकी है। श्री गुप्ता ने कहा कि आपसी तालमेल जैसी कोई बात इनमें रह नहीं गई है। इसके चलते सत्ता और संगठन में भी समन्वय का पूरी तरह अभाव हो गया है। श्री गुप्ता ने कहा कि ऐसे हालात में उस पार्टी का क्या होना है, जहां मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष को ही बार-बार अपमानित किया जाता है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!