क्या जातिगत दुराग्रह को कांग्रेस सरकार ने शासकीय नीति बना लिया है ? – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव

Advertisements
Advertisements

राहुल गांधी द्वारा समाज को अपमानित करना, बेमेतरा में भुनेश्वर साहू की हत्या, बेमेतरा में ही आरक्षक संदीप साहू का उत्पीड़न, भाजपा ने व्यक्त की आशंका – साहू समाज के विरुद्ध हो रहे लगातार आक्रमण नहीं हो सकता महज संयोग !

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि प्रदेश में न केवल आम लोगों का, बल्कि कानून के रक्षकों तक का जीना दूभर हो गया है। कांग्रेस के साढ़े चार साल के कुशासन की कुल जमा उपलब्धि यही है। श्री साव ने छत्तीसगढ़ रत्न’ से सम्मानित बेमेतरा जिले के प्रधान पुलिस आरक्षक संदीप साहू को प्रताड़ित किए जाने और संदीप साहू द्वारा राज्यपाल को की गई शिकायत में विधायक निवास के समक्ष आत्मदाह का निर्णय व्यक्त करने के मामले को बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि संदीप साहू के मुताबिक क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक आशीष छाबड़ा आरक्षक संदीप को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। झूठी शिकायतें करके उनकी छवि धूमिल करने, बार-बार दुर्भावनावश स्थानांतरण करके काम नहीं करने देने की बात संदीप साहू ने कही है। राज्यपाल जी को लिखे अपने पत्र में संदीप साहू ने विधायक निवास के समक्ष आत्मदाह की बात कही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के लोगों पर सत्ता का मद सिर चढ़कर बोल रहा है। इस घटना से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि कांग्रेस सरकार ओबीसी समुदाय के प्रति दुर्भावना की पराकाष्ठा पार कर रही है। अभी हाल ही में इसी जिले के बिरनपुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने युवक भुनेश्वर साहू की जघन्य हत्या कर दी थी। वह भी संदीप साहू की तरह साहू समाज से ताल्लुक रखता था। कांग्रेस के पूर्व सांसद राहुल गांधी समेत सभी नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अशिष्टता की सारी हदें पार कर चुके हैं और राहुल गांधी ने तो ‘सारे मोदी …….’ कहकर पूरे तैलिक समाज का घोर अपमान किया है, जिसके चलते संसद की सदस्यता चली गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के लोग सत्ता का रौब झाड़कर प्रताड़ना की नित-नई इबारत लिख रहे हैं। कांग्रेस सरकार के मंत्री और विधायक अधिकारियों व कर्मचारियों से सरेआम गाली-गलौज व मारपीट कर रहे हैं, रही-सही कसर उनके बाहुबलियों ने पूरी कर दी है, जो विरोधी राजनीतिक जनप्रतिनिधियों को जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश के लिए विवश कर रहे हैं।

कांकेर जिले में पदस्थ एक महिला पुलिस कर्मी पद्मिनी साहू ने भी विभागीय स्तर पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर कलेक्टर कार्यालय के समक्ष हाल ही में आत्मदाह की अनुमति मांगी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि इन घटनाओं को महज इत्तेफाक नहीं माना जा सकता। ये सारी स्थितियां यह साबित कर रही है कि कांग्रेस विशेषकर तैलिक समुदाय के प्रति दुर्भावनापूर्ण नजरिया बनाकर चल रही है। यह कांग्रेस की प्रदेश सरकार के माथे पर कलंक का अमिट धब्बा है, जिससे छत्तीसगढ़ शर्मसार हो रहा है। श्री साव ने कहा कि एक समुदाय को टारगेट कर प्रताड़ित करने का यह सिलसिला अगर कांग्रेस और प्रदेश सरकार ने नहीं रोका, तो इसकी बड़ी कीमत चुकाने के लिए कांग्रेस के लोग तैयार हो जाएँ।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!