Author: Vishnu Joshi (SAMDARSHI NEWS)

  • गंगाझरी – गोंदिया – गुदमा तीसरी रेल लाइन और गोंदिया रेल ओवर रेल (आरओआर) को मिली मुख्य संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति : संचालन क्षमता और संरक्षा में ऐतिहासिक उन्नयन.

    गंगाझरी – गोंदिया – गुदमा तीसरी रेल लाइन और गोंदिया रेल ओवर रेल (आरओआर) को मिली मुख्य संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति : संचालन क्षमता और संरक्षा में ऐतिहासिक उन्नयन.

    इस परियोजना के अंतर्गत गंगाझरी से लेकर गोंदिया और फिर गुदमा तक का सेक्शन अब तीन लाइनों से युक्त हो गया है, जिससे इस मार्ग पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा। तीसरी लाइन से ट्रेनों का निर्बाध परिचालन सुनिश्चित होगा, जिससे समयबद्धता और संरक्षा के क्षेत्र में सीधा लाभ प्राप्त होगा।

    इस खंड पर तीसरी लाइन के जुड़ने से ट्रेनों के संचालन में द्वि-दिशात्मक गतिशीलता आएगी,  ट्रेनों के क्रॉसिंग एवं ओवरटेक की आवश्यकता भी न्यूनतम होगी।

    गोंदिया यार्ड रिमॉडलिंग के माध्यम से गोंदिया को एक मल्टी-डायरेक्शनल इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। यह खंड विशेष रूप से दुर्ग, नागपुर, बल्हारशाह और जबलपुर की ओर सुगम परिचालन के लिए रणनीतिक महत्व रखता है।

    इस परियोजना के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, ओएचई प्रणाली का उन्नयन, तथा ऑटो सिग्नलिंग जैसे अत्याधुनिक तकनीकी कार्य किए गए हैं, जिससे परिचालन संरक्षा और दक्षता दोनों में गुणात्मक सुधार हुआ है।

    इस खंड पर गोंदिया रेल ओवर रेल (आर ओआर) संरचना के चालू होने से जबलपुर की दिशा से आने वाली ट्रेनें बिना किसी सतही क्रॉसिंग के बल्हारशाह की ओर प्रस्थान कर सकेंगी, जिससे संरक्षा में क्रांतिकारी सुधार होगा और समयबद्धता में वृद्धि सुनिश्चित होगी।

    साथ ही, गोंदिया माल गोदाम की लाइन संख्या 10 का विस्तार कर उसे संपूर्ण रैक अनलोडिंग/लोडिंग के लिए सक्षम किया गया है, जो माल यातायात को सुगम बनाएगा।

    इस परियोजना से न केवल रेलवे के परिचालन मानकों में सुधार होगा, बल्कि यह अंचल के यात्रियों एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी सीधा लाभ पहुँचाएगा। औद्योगिक माल परिवहन की गति में वृद्धि से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

  • रौनक ज्वेलर्स लूटकांड : एक्टिवा चोरी कर सोना लूटने वाले हाई-टेक गिरोह की खुली पोल, रायपुर से गोंदिया तक चला पुलिस का ऑपरेशन, 70 किमी तक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर रायपुर पुलिस ने किया कारनामा, महाराष्ट्र से धर दबोचे लुटेरे….पढ़ें पूरी ख़बर.

    रौनक ज्वेलर्स लूटकांड : एक्टिवा चोरी कर सोना लूटने वाले हाई-टेक गिरोह की खुली पोल, रायपुर से गोंदिया तक चला पुलिस का ऑपरेशन, 70 किमी तक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर रायपुर पुलिस ने किया कारनामा, महाराष्ट्र से धर दबोचे लुटेरे….पढ़ें पूरी ख़बर.

    मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पन्ना जैन ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका शक्ति नगर राजीव नगर गेट के पास मेन रोड खम्हारडीह में रौनक ज्वेलर्स के नाम ज्वेलरी दुकान है, जिसका वह संचालन करता है। प्रार्थी दिनांक 29 मई 2025 को दोपहर 04:10 बजे अपने ज्वेलरी दुकान पर था, उसी समय दो दोपहिया वाहन में सवार तीन व्यक्ति ज्वेलरी दुकान के पास आये। दो व्यक्ति दुकान के बाहर अपनी वाहनों मे बैठे थे और एक व्यक्ति दुकान अंदर आया और प्रार्थी से सोने की हैवी वजन वाली चैन दिखाने बोला तो प्रार्थी उसे सोने की चैन दिखाया। सोने की चैन देख कर बोला मुझे इससे और हैवी वजन वाली चैन खरीदना है, होगा तो दिखाओ बोला तब वह बोला कि इससे हैवी सोने की चैन तो अभी नहीं है। तो वह बोला कि ठीक इसी वजन का तीन चैन खरीद लूंगा तब प्रार्थी उसे दो सोने की चैन और दिखाया जो सोने की तीनो चैन को अपने हाथ में रखकर तीनों चैन की कीमत पूछ रहा था, कि अचानक वह व्यक्ति तीनों सोने की चैन को लेकर भागने लगा, तब प्रार्थी काउंटर से निकल कर दुकान के बाहर आया तब तक वह अपने अन्य दो साथियों के साथ भाग गया और अपनी एक्टीवा वाहन क्रमांक सीजी 07 बीजे 5567 को वहीं पर छोड दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 118/25 धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

    जिस पर प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल निरीक्षण करने के उपरांत प्रार्थी से घटना के संबंध में तकनीकी रूप से विस्तृत पूछताछ करने के साथ तत्काल थानों एवं सरहदी जिलों में नाकेबंदी लगायी गयी। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करते हुये आरोपियों के भागने वाले मार्गों को फॉलो करते हुये मार्गों में लगे सैकडों सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों को खंगालते हुये लगभग 70 किलोमीटर तक कैमरों के फुटेजों को देखते हुये अज्ञात आरोपियों को फॉलो किया गया। प्रकरण में मुखबीर लगाने के साथ ही आरोपियों द्वारा उपयोग किये गये वाहन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की सायबर विंग द्वारा लाखों मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के दौरान टीम के सदस्यों को आरोपियों के संबंध में महत्वूपर्ण जानकारी प्राप्त हुई तथा आरोपियों को महाराष्ट्र में लोकेट किया गया।

    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम के सदस्यों को महाराष्ट्र के नागपुर एवं गोंदिया रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा नागपुर एवं गोंदिया में कैम्प कर आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र कर आरोपियों की पतासाजी करते हुये प्रकरण में आरोपी जय पाटिल उर्फ बॉबी, राहुल सुखचंद लिल्लारे, राहुल डोंगरे उर्फ विक्की एवं राजेश गोपीचंद पाटिल को पकड़ा गया।

    आरोपी जय पाटिल उर्फ बॉबी, राहुल सुखचंद लिल्लारे, राहुल डोंगरे उर्फ विक्की ने पूछताछ में बताया कि तीनों महाराष्ट्र से ट्रेन से आये एवं जिला दुर्ग के पावर हाउस स्टेशन में उतर गये तथा भिलाई पावर हाउस क्षेत्र से एक एक्टिवा तथा रायपुर के आमानाका टाटीबंध क्षेत्र से एक एक्टिवा वाहन चोरी किये तथा घटना दिनांक को खम्हारडीह स्थित रौनक ज्वेलर्स में उक्त घटना को अंजाम दिये एवं भिलाई से चोरी किये वाहन को दुकान के पास छोड़ दिये तथा रायपुर से चोरी किये गये वाहन में तीनों भागकर गोंदिया चले गये व तीनों 01-01 चैन को आपस में बांट लिये। आरोपी राहुल डोंगरे उर्फ विक्की ने अपने हिस्से के सोने की चैन को अपने नाम से ईरा गोल्ड कंपनी प्रायवेट लिमिटेड में 64,900/- रूपये में बिक्री कर दिया तथा आरोपी जय पाटिल उर्फ बॉबी ने अपने हिस्से के सोने की चैन को अपने पिता राजेश गोपीचंद पाटिल के साथ मिल कर अपने पिता राजेश गोपीचंद पाटिल के नाम से ईरा गोल्ड कंपनी प्रायवेट लिमिटेड में 1,23,000/- रूपये में बिक्री कर दिया, जिस पर राजेश गोपीचंद पाटिल को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी केदारनाथ भागने की फिराक में थे, इसी दौरान आरोपियों को दबोचा गया।

    आरोपी जय पाटिल उर्फ बॉबी के विरूद्ध महाराष्ट्र के थाना गोंदिया सिटी एवं हिल लाईन थाने सिटी से 03 अलग-अलग प्रकरण बलवा, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, अपराधिक धमकी देने एवं संपत्ति को जलाने के अपराध पंजीबद्ध है। इसके साथ ही आरोपी राहुल सुखचंद लिल्हारे के विरूद्ध थाना रामनगर गोंदिया में नकबजनी का अपराध पंजीबद्ध है।

    चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 नग सोने की चैन तथा घटना में प्रयुक्त 02 नग एक्टिवा वाहन एवं 04 नग मोबाईल फोन जुमला कीमत लगभग 3,50,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई।

    ईरा गोल्ड कंपनी प्रायवेट लिमिटेड को नोटिस देकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। आरोपी राजेश गोपीचंद पाटिल के खाता में उपलब्ध सोने की चैन की बिक्री रकम को होल्ड कराया जा रहा है।

    01 – जय पाटिल उर्फ बॉबी पिता राजेश पाटिल उम्र 26 साल निवासी ग्राम कटंगी कला थाना रामनगर गोंदिया महाराष्ट्र। हाल पता – जरीय पटका बुद्ध विहार थाना जरीय पटका जिला नागपुर महाराष्ट्र,

    02 – राहुल सुखचंद लिल्लारे पिता सुखचंद लिल्लारे उम्र 23 साल निवासी दवनीवाड़ा थाना दवनीवाड़ा जिला गोंदिया महाराष्ट्र,

    03 – राहुल डोंगरे उर्फ विक्की पिता पूरन लाल डोंगरे उम्र 36 साल निवासी ग्राम कुडुवा थाना रामनगर जिला गोंदिया महाराष्ट्र,

    04 – राजेश गोपीचंद पाटिल पिता गोपीचंद पाटिल उम्र 55 साल निवासी वार्ड नंबर 04 कटंगी कला थाना रामनगर गोंदिया महाराष्ट्र.

  • विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर एण्टी क्राइम यूनिट परिसर में हुआ भव्य वृक्षारोपण : एसएसपी डॉ. उमेद सिंह सहित कई अधिकारी हुए सम्मिलित.

    विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर एण्टी क्राइम यूनिट परिसर में हुआ भव्य वृक्षारोपण : एसएसपी डॉ. उमेद सिंह सहित कई अधिकारी हुए सम्मिलित.

    विश्व पर्यावरण के दिवस के अवसर पर 05 जून को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा कार्यालय एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट गंज परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

    इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम श्री डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती श्री राजेश देवांगन, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय तथा एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे तथा इन अधिकारियों द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया।

  • विश्व पर्यावरण दिवस : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने किया फलदार पौधों का रोपण, दिया हरियाली का संदेश, उठाया हरियाली का बीड़ा, पर्यावरण दिवस पर लगाया पोषणयुक्त फलदार पौधा.

    विश्व पर्यावरण दिवस : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने किया फलदार पौधों का रोपण, दिया हरियाली का संदेश, उठाया हरियाली का बीड़ा, पर्यावरण दिवस पर लगाया पोषणयुक्त फलदार पौधा.

    विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी एवं समाजसेविका श्रीमती कौशल्या साय ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अपने निवास परिसर स्थित बगिया में फलदार पौधों का रोपण किया। उन्होंने फलदार पौधों का चयन किया, जो न केवल पर्यावरण की दृष्टि से लाभकारी हैं, बल्कि स्वास्थ्यवर्धक फल भी प्रदान करते हैं।

    पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, विशेष अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐतिहासिक पहल किया जा रहा है,साथ ही “विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम अपने आसपास हरियाली बढ़ाएं और एक-एक पौधा लगाएं, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।”

    उन्होंने कहा कि फलदार पौधे न केवल वायुमंडल को स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि लोगों को पोषण भी प्रदान करते हैं। श्रीमती साय ने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से अपील की कि वे भी अपने घरों और आस-पास के क्षेत्रों में पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि जनपद सदस्य अटल बिहारी साय सहित महिलाओं का समूह शामिल हुए। श्रीमती कौशल्या साय ने अंत में सभी नागरिकों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और यह संकल्प लिया कि वह हर वर्ष इस दिन पौधारोपण कर पर्यावरण संवर्धन में अपना योगदान देती रहेंगी।

  • रायगढ़ पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा : दुष्कर्म आरोपी सहित 102 संदिग्धों को पुलिस ने धर दबोचा, अवैध शराब के साथ 5 आरोपियों और फरार 6 वारंटियों की घेराबंदी कर गिरफ्तारी, नाबालिग भी मिले.

    रायगढ़ पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा : दुष्कर्म आरोपी सहित 102 संदिग्धों को पुलिस ने धर दबोचा, अवैध शराब के साथ 5 आरोपियों और फरार 6 वारंटियों की घेराबंदी कर गिरफ्तारी, नाबालिग भी मिले.

    पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन में अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसने हेतु आज सुबह जिला मुख्यालय में एक संगठित और व्यापक कॉबिंग गश्त अभियान चलाया गया। नगर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश शुक्ला के नेतृत्व में डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा, डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह, शहर के छह थाना प्रभारियों, रक्षित केंद्र के रिजर्व बल और थाना स्टाफ की संयुक्त टीमों ने कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी।

    गश्त के दौरान निगरानी बदमाशों की सघन जांच की गई तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं की तस्दीक कर छापेमारी की गई, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत पुलिस ने कुल 102 संदिग्धों और फरार वारंटियों को हिरासत में लिया है। इनमें से 25 व्यक्तियों को धारा 170, 126, 135 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है। इसके अतिरिक्त 52 संदिग्धों पर धारा 126, 135 व 128 बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई।

    पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 6 वारंटियों को भी दबोच लिया है, वहीं एक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। चक्रधरनगर क्षेत्र से दो संदिग्धों के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिस पर आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। मारपीट के पांच मामलों में फरार 10 आरोपियों की भी गिरफ्तारी की गई है।

    इसके अतिरिक्त अवैध शराब संग्रहण और बिक्री की मुखबिर सूचना पर छापामार कार्यवाही करते हुए पांच आरोपियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस दौरान दो संदिग्ध नाबालिग भी मिले हैं, जिन पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • खरसिया में पेट्रोलिंग के दौरान बवाल : “मेरी गाड़ी को कैसे रोक दिए “— पुलिस से उलझे चारों नथानी गिरफ्तार, शासकीय कार्य में बाधा का बना मामला, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर फंसे चार युवक, भेजे गए जेल.

    खरसिया में पेट्रोलिंग के दौरान बवाल : “मेरी गाड़ी को कैसे रोक दिए “— पुलिस से उलझे चारों नथानी गिरफ्तार, शासकीय कार्य में बाधा का बना मामला, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर फंसे चार युवक, भेजे गए जेल.

    पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में शांति व्यवस्था बनाए रखने असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खरसिया चौकी पुलिस ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता और धक्का-मुक्की कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

    घटना दिनांक 03 जून 2025 की रात्रि की है, जब चौकी खरसिया के पुलिसकर्मी प्रतिदिन की तरह टाउन पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान राम मंदिर मेन रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रहे वाहन क्रमांक CG 13 BB 1111 को रोककर पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की। वाहन में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अमन नथानी निवासी खरसिया बताया और गाड़ी से उतरते ही आवेश में आकर पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगा। उसने गुस्से में कहा—”मेरी गाड़ी को कैसे रोक दिए” और तत्काल कॉल कर अपने तीन अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

    मौके पर पहुंचे अन्य तीन व्यक्ति—मिथलेश नथानी, कुशल नथानी और मनोज नथानी, सभी एकराय होकर पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटना के संबंध में पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक ने पुलिस चौकी में आवेदन प्रस्तुत किया, जिसे गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल कानूनी कार्रवाई की।

    पुलिस ने आरोपियों अमन नथानी, मिथलेश नथानी, कुशल नथानी और मनोज नथानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 303/2025 के तहत धारा 221, 121(1), 132, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है।

    गिरफ्तार आरोपी – 1 – मनोज नथानी पिता स्व सफरमल नथानी उम्र 54 वर्ष, 2 – मिथलेश नथानी पिता मनोज नथानी उम्र 26 वर्ष, 3 – अमन नथानी पिता मनोज नथानी उम्र 29 वर्ष, 4 – कुश उर्फ कुशल नथानी पिता सुनील नथानी उम्र 18 वर्ष 04 माह सभी साकिनान सिधी कालोनी खरसिया चौकी खरसिया जिला रायगढ़.

  • पंडरापाठ में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल : कलेक्टर ने ANM-CHVO को दी कड़ी चेतावनी, प्रसूति नहीं तो पोस्टिंग नहीं, खराब प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई, ‘108-102 तुरंत पहुंचें, रात में इलाज रुके नहीं!’ — कलेक्टर ने दी सख्त हिदायतें.

    पंडरापाठ में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल : कलेक्टर ने ANM-CHVO को दी कड़ी चेतावनी, प्रसूति नहीं तो पोस्टिंग नहीं, खराब प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई, ‘108-102 तुरंत पहुंचें, रात में इलाज रुके नहीं!’ — कलेक्टर ने दी सख्त हिदायतें.

    कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बुधवार को बगीचा विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरापाठ में स्वास्थ्य विभाग के सीएचवो, आरएचवो और एएनएम की समीक्षा बैठक लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पाठ क्षेत्रों में लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और रात्रि पाली में भी स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों का ईलाज करने के लिए कहा है। रात में किसी मरीज को एम्बुलेंस 108 और 102 वाहन की आवश्यकता पड़ती है तो तत्काल वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।‌

    कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में संस्थागत प्रसव प्रगति की जानकारी ली और जिन स्वास्थ्य केन्द्र में माह में एक भी प्रसव नहीं हुए उनको स्वास्थ्य कर्मचारियों को कड़ी हिदायत देते हुए व्यस्था में सुधार लाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य केन्द्र में कार्य ठीक से नहीं हो रहे वहां के कर्मचारी को जहां विशेष आवश्यकता है उन जगहों पर पदस्थापित किया जाएगा।

    कलेक्टर ने सुलेशा गायमुड़ा,कामारिमा,सरदापाठ, रौनी,देवड़ाड,भडियां के एएनएम को कम संस्था गत प्रसव कराने पर नाराजगी व्यक्त की और गर्भवती माताओं का संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए हैं।

    कलेक्टर ने कहा सभी सीएचवो और आरएचवो को अपने मुख्यालय में ही निवास करेंगे और मरीजों को बेहतर सेवा देंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी पैरामीटर का क्रियान्वयन करते हुए सभी का प्रतिदिन आनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए हैं। और केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने के लिए कहा है।

    कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान गर्भवती माताओं का प्रथम पंजीयन संस्था गत प्रसव की संबंध में जानकारी ली.

    कलेक्टर ने बैठक में टीबी मुक्त अभियान के तहत चिन्हांकित मरीजों का ट्रू नाट जाँच करने के निर्देश दिए हैं.

    हर घर हर हाथ आयुष्मान कार्ड के तहत छुटे हुए लोगों का शत प्रतिशत कार्ड बनाये जाने के निर्देश दिए गए.

    लक्ष्यानुसार गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत जाँच व उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का विशेष देख रेख करने के लिए कहा है.

    सभी गर्भवती महिलाओं का संस्था में संस्थागत प्रसव कराना सुनिश्चित करने के निर्देश.

    अगर बाहर प्रसव हो रहे हो तो कारण सहित लाइन लिस्ट के लिए निर्देश दिए गए.

    कलेक्टर ने मितानीनों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं का घर में प्रसव होने वाले महिलाओं की जानकारी मांगी है कारण सहित.

    अधिक उच्च जोखिम गर्भवती महिला वाले संस्था को लाइन लिस्ट तैयार करने के लिए कहा है.

    कलेक्टर ने गर्भवती माताओं और बच्चों का टीकाकरण में शत प्रतिशत यू विन की एंट्री तथा प्रसव की एंट्री करना सुनिश्चित करने के निर्देश.

    आरसीएच रजिस्टर तथा आरसीएच पोर्टल में कार्यानुसार शत प्रतिशत एंट्री करने के लिए कहा गया है.

    सन्ना के 102 में सिंगल ड्राइवर होने से कंपनी को तत्काल 2 ड्राइवर रखने के निर्देश.

  • सड़क हादसे में खुला तस्करी का काला सच : ठूंसे गए मवेशी, गले में बंधी रस्सी, तस्करी के खौफनाक तरीके पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पकड़े गए छः मवेशी के साथ ओड़िशा के दो मवेशी तस्कर.

    सड़क हादसे में खुला तस्करी का काला सच : ठूंसे गए मवेशी, गले में बंधी रस्सी, तस्करी के खौफनाक तरीके पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पकड़े गए छः मवेशी के साथ ओड़िशा के दो मवेशी तस्कर.

    पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में जिले में पशु तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने एकताल मेन रोड पर हुई सड़क दुर्घटना के बाद मौके से छह मवेशियों की अवैध तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा मवेशियों को क्रूरता पूर्वक वाहन में ठूंसकर ओड़िशा ले जाया जा रहा था।

    घटना दिनांक 03 जून 2025 को उस समय प्रकाश में आई जब थाना प्रभारी चक्रधरनगर को सूचना मिली कि एक पिक-अप वाहन क्रमांक OD 23 D 0021 दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें मवेशियों की तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलते ही निरीक्षक अमित शुक्ला अपने स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे, जहां दो व्यक्ति वाहन के पास संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विजय टेटे पिता पितरूस टेटे उम्र 28 वर्ष निवासी कुसुमटोली, थाना कुतरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) एवं फबियन केरकेट्टा पिता ज्वाकिम केरकेट्टा उम्र 29 वर्ष निवासी मगरकुंडा, थाना कुतरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) बताया।

    पुलिस ने जब पिक-अप वाहन की तलाशी ली तो उसमें 6 नग कृषक गौवंश पशु क्रूरतापूर्वक गले में रस्सी बांधकर ठूंसकर लदे पाए गए। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ से ओडिशा मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही थी। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चालक की लापरवाही के चलते यह पिक-अप दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे वाहन में लदे पशु और आरोपी सड़क किनारे घायल अवस्था में पाए गए।

    प्रकरण की रिपोर्ट एकताल निवासी हिमांशु चौहान द्वारा थाने में दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 241/2025 धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, धारा 3(5) बीएनएस  तथा मोटरयान अधिनियम की धाराएं 184, 66/192 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। जप्त मवेशियों का मौके पर पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण कराया गया तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

  • अवैध कबाड़ कारोबार का पर्दाफाश : 26 टन कबाड़, कोई दस्तावेज नहीं, पिक-अप में छिपा था कबाड़ का काला कारोबार, एक आरोपी गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस की सटीक कार्रवाई से हुआ भंडाफोड़.

    अवैध कबाड़ कारोबार का पर्दाफाश : 26 टन कबाड़, कोई दस्तावेज नहीं, पिक-अप में छिपा था कबाड़ का काला कारोबार, एक आरोपी गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस की सटीक कार्रवाई से हुआ भंडाफोड़.

    डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के सख्त निर्देश जिले के थाना चौकी प्रभारियों को दिए है। सोमवार को थाना प्रतापपुर पुलिस ने अवैध कबाड़ पर कार्यवाही करते हुए एक लाख रूपये कीमत के 26 टन कबाड़ व परिवहन में प्रयुक्त पिक-अप वाहन जप्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

    दिनांक 02 जून 2025 को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सौंतार में दीपू साव अपने पिक-अप वाहन क्रमांक बीआर 26 जीसी 1643 में अवैध कबाड़ लोड कर बिक्री हेतु ले जाने के लिए किराये के मकान के बाहर खड़ा किया है। प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम कार्यवाही हेतु मौके पर पहुंची जहां अवैध कबाड़ लोड पिक-अप मिलने पर दीपू साव पिता बिरझू साव उम्र 40 वर्ष ग्राम भरूब थाना ओबरा जिला औरंगाबाद बिहार वर्तमान पता ग्राम सौंतार थाना प्रतापपुर से कबाड़ संबंधी दस्तावेज की मांग किए जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। कबाड़ चोरी का होने के पूर्ण अंदेशा पर धारा 35 (1-व्ही) बीएनएसएस/303 बीएनएस के अंतर्गत कार्यवाही कर 26 टन कबाड़ कीमत 1 लाख रूपये एवं पिक-अप वाहन जप्त कर आरोपी दीपू साव को गिरफ्तार किया गया।

  • ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस की सख्ती से गौ-तस्कर हुए बेबस, अब पैदल और छोटे वाहनों से कर रहे तस्करी, जंगल में भागे आरोपी, 15 गौ-वंश मुक्त, पुलिस की दोहरी कार्रवाई से फिर नाकाम हुए तस्करी के मंसूबे.

    ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस की सख्ती से गौ-तस्कर हुए बेबस, अब पैदल और छोटे वाहनों से कर रहे तस्करी, जंगल में भागे आरोपी, 15 गौ-वंश मुक्त, पुलिस की दोहरी कार्रवाई से फिर नाकाम हुए तस्करी के मंसूबे.

    जशपुर पुलिस का पशु तस्करी के विरूद्ध चलाया जा रहा ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश व नेतृत्व में ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने अब तक 900 से अधिक गौ वंशों को सकुशल, तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है और साथ ही 123 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

    वर्तमान में आम जनता का अच्छा सहयोग मिल रहा है, जिससे पुलिस को त्वरित कार्यवाही करने में आसानी हो रही है। पुलिस द्वारा पूर्व में कुल 42 (बड़े ट्रक, पिक-अप) से गौ-तस्करी करते हुये पाये जाने पर जप्त किया गया है। गौ-तस्कर अब चारपहिया एवं पैदल माध्यम से तस्करी कर रहे हैं, इस ओर भी पुलिस की पैनी नजर है, पुराने मामलों के फरार आरोपियों को भी लगातार गिरफ्तारी हो रही है।

    पहले प्रकरण में आज प्रातः में सिटी कोतवाली जशपुर को सूचना मिली कि बालाछापर के रास्ते झारखंड की ओर एक पुराने स्कार्पियो वाहन से गौ-तस्करी किया जा रहा है, इस पर तत्काल थाना जशपुर से पुलिस टीम कार्यवाही के लिये रवाना हुई, पुलिस के पीछा करने पर स्कार्पियो वाहन का पहिया फट गया एवं चालक रोड के किनारे वाहन छोड़कर जंगल में भाग गया। पुलिस द्वारा उक्त वाहन से 04 नग गौ-वंश को गंभीर अवस्था में जप्त किया गया। इस कार्यवाही में सहायक उपनिरीक्षक जयसिंह मिर्रे, आरक्षक 596 शोभनाथ सिंह, आरक्षक 518 राजकेश्वर राम, आरक्षक 766 अनिल राम का योगदान रहा है। इस प्रकरण में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना जशपुर में अपराध क्रमाँक 144/25 धारा कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।

    दूसरे प्रकरण में दिनांक 03 जून 2025 की शाम को चौकी मनोरा को सूचना मिला था कि ग्राम खरसोता के लावा नदी होते हुये 02 व्यक्ति 11 नग गौ-वंश को पैदल क्रूरतापूर्वक हांकते हुये झारखंड की ओर तस्करी कर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर जाकर घेराबंदी कर रह थी, परंतु शाम होने की वजह से अज्ञात आरोपी पुलिस को देखकर भाग गये। पुलिस द्वारा कुल 11 नग गौ-वंश जप्त किया गया है। प्रकरण में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध चौकी मनोरा में कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्यवाही में सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण भगत, प्रधान आरक्षक 371 बितिन राम, प्रधान आरक्षक 134 एडवर्ड जेम्स, आरक्षक 465 रोश कुमार पैंकरा का योगदान रहा है।