Category: राजनीति

  • रमन सिंह और भाजपा को छोड़कर शराबबंदी के लिए गठित तीनों कमेटी शराबबंदी के लिए काम कर रही है- कांग्रेस

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार एक मजबूत और प्रभावी सफल शराबबंदी के पक्षधर हैं इसीलिए सर्वसम्मति से सबके सहमति और सहयोग से शराबबंदी को लागू करने की बात करते हैं। रमन सिंह और भाजपा को छोड़ कर राज्य सरकार के द्वारा शराबबंदी के लिए गठित राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक कमेटियां शराबबंदी के लिए जोर शोर से काम कर रही है। सफल शराबबंदी के लिए छोटे से छोटे विषयों पर गंभीरता से चर्चा कर रही है, प्लान कर रही है। सामाजिक कमेटी की बैठक के बाद समाज के प्रमुखों ने नोटबंदी की तरह शराबबंदी करने के खिलाफ थे। शराबबंदी के लिए जन जागरूकता अभियान के साथ क्रमबद्ध तरीके से शराब बंदी लागू करने का सुझाव दिए हैं ताकि शराबबंदी के बाद किसी भी प्रकार से जनहानि ना हो। डॉ. रमन सिंह को बताना चाहिए सरकार के द्वारा शराबबंदी के लिये गठित राजनीतिक कमेटी में वे स्वयं एवं भाजपा के विधायक शामिल क्यों नहीं हुये? इससे भाजपा की शराब को लेकर दो मुंही नीति स्पष्ट समझ में आ रही।

    प्रदेश कांग्रेस प्रदेश धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह शराबबंदी के मसले में झूठ बोलते हैं और अपने झूठ को सच साबित करने पवित्र गंगाजल की आड़ लेते हैं सच्चाई यह है कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर किसानो की कर्ज माफी का वादा किया था और उसको पूरा किया है। शराबबंदी के लिए एक राजनीतिक प्रस्ताव पास हुआ था। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद शराब से राजस्व 300 करोड़ था जो पूर्व रमन सरकार के शराब प्रेम के चलते 15 साल में 4000  करोड़ तक पहुंचा। पूर्व रमन सरकार ने 138 साल पुरानी शराब नीति को बदल कर सरकारी शराब दुकान का शुभारंभ किया था, गांव-गांव तक शराब पहुंचाने का षड्यंत्र रचा था। पूर्व रमन शासनकाल के दौरान सरकारी स्कूल, कॉलेज, सरकारी राशन की दुकान बंद होती थी और सरकारी शराब दुकान खुलती रही है। रमन सिंह को वाकई में छत्तीसगढ़ की जनता की चिंता होती तो सरकार शराब का सरकारीकरण नहीं करते।

  • कालीचरण जैसे लोग आरएसएस की जहरीली विचारधारा पोषित – कांग्रेस

    कालीचरण जैसे लोग आरएसएस की जहरीली विचारधारा पोषित – कांग्रेस

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर, पाखंडी कालीचरण ने राष्ट्रद्रोह का काम किया है। उसने महात्मा गांधी पर नहीं भारत की आत्मा पर प्रहार करने का काम किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम  ने कहा कि बड़ा दुर्भाग्यजनक है कि गांधी जयंती पर खादी खरीदने की नौटंकी करने वाले भाजपाईयों के मुंह से पाखंडी कालीचरण के लिये निंदा के एक शब्द भी नहीं फूटा। भाजपा ने कालीचरण के द्वारा राष्ट्रपिता के संबंध में दिये गये अमर्यादित और अभद्र शब्दों की निंदा के लिये कोई भी अधिकृत बयान नहीं दिया। कालीचरण जैसों को आरएसएस भाजपा प्रश्रय देती है ताकि गांधी जी के प्रति उनकी जो नफरत है वह इन जैसों के माध्यम से फैलती रहे। भाजपा आरएसएस की जो फितरत है उसके अनुसार यह तय है भाजपा कालीचरण को आगे भी इस प्रकार के व्यवहार के लिये प्रोत्साहित करेगी।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कालीचरण जैसे लोग धर्म को आत्म प्रचार का माध्यम मात्र मानते है। आत्म प्रचार ही इन जैसे लोगों के अस्तित्व का आधार भी है। अपने प्रचार के लिये स्वयं को चर्चा में बनाये रखने के लिये कालीचरण जैसे लोग संविधान में दी गयी अभिव्यक्ति की आजादी का गलत फायदा उठाते है। महात्मा गांधी को गाली देकर देश में आरएसएस और भाजपा द्वारा तैयार की गयी एक जहरीली पीढ़ी की वाहवाही बटोरना और समाचार माध्यमों की सुर्खियों में रहना बहुत ही सरल माध्यम बना लिया गया है। गांधी की आलोचना करने के पहले गांधी विरोधियों को आत्म अवलोकन करना चाहिये इस देश के लिये इस समाज के लिये उनका व्यक्तिगत योगदान क्या है? क्या आपने गांधी का सहस्रांश भी कुछ योगदान समाज के देश के विकास के लिये किया है। पाखंडी लोग महात्मा गांधी और उनके मर्म को समझ नहीं सकते। गांधी और उनके संस्कारों में भारत और करोड़ो-करोड़ जन मन बसते है।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि धर्म संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के लिये व्यक्त किये गये अभद्र शब्द सिर्फ गांधी जी का अपमान नहीं यह भारत की आजादी की लड़ाई के महान सेनानियों का अपमान है। गांधी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन हजारो हजार सेनानियों के प्रतीक है। जिन्होंने भारत की आजादी के लिये अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया था। ऐसे रामभक्त थे महात्मा गांधी अंतिम समय में भी उनके मुंह से हे राम ही निकला था। गांधी के हत्यारे गोडसे को प्रणाम करने वाला व्यक्ति चाहे भगवा ध्वज लेकर नारे लगाये या भगवा पहन कर शिव स्त्रोत का वाचन करें वह सच्चा हिन्दू नहीं हो सकता।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि धर्म संसद वह मंच था जहां से सनातन धर्म के उत्थान देश की आध्यात्मिक और सामाजिक उन्नति पर चर्चा किया जाना सार्थक होता लेकिन दुर्भाग्य से धर्म संसद जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के नाम पर जो कुछ किया गया वह सवर्था निंदनीय है। गांधी को गाली दो और समाचार माध्यमों की सुर्खियों में रहने की जो एक पतित परंपरा शुरू की गयी है वह उचित नहीं। सनातन हिन्दू धर्म इतना कमजोर नहीं कि उसे अपनी जड़ों को मजबूत करने के लिये हत्यारे नाथूराम गोडसे के जयकारे को लगाने की जरूरत पड़े। कालीचरण जैसे लोग हिन्दू सनातन धर्म के लिये भस्मासुर के समान है इन जैसे अधार्मिक और पाखंडी लोगों के बहिष्कार के लिये संत समाज को स्वयं आगे आना चाहिये। कालीचरण जैसे लोग हिन्दू धर्म के वो खरपतवार है जो सनातन धर्म के प्राचीन, वैभवशाली आध्यात्मिक और धार्मिक परंपरा को नष्ट करने का काम करते है।

  • कांग्रेस संचार प्रमुख पर बरसे भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग, कांग्रेसी अपनी जुबान सम्हालें वरना जवाब हम भी दे सकते हैं- अग्रवाल

    कांग्रेस संचार प्रमुख पर बरसे भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग, कांग्रेसी अपनी जुबान सम्हालें वरना जवाब हम भी दे सकते हैं- अग्रवाल

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर  भाजपा रायपुर जिला मीडिया  प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा है कि रेत, खेत, लिकर, ट्रांसफर ऐसा कौन सा उद्योग है, जिसकी फ्रेंचाइजी कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार में नहीं दी जा रही है।

    भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि वे कांग्रेस की अमर्यादित संस्कृति के अनुरूप जो स्तरहीन भाषा व्यक्त कर रहे हैं, उसी निम्नतम स्तर पर उन्हें हम जवाब नहीं देंगे क्योकि हम सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पोषक हैं। तब भी यदि कांग्रेसी अपनी बदजुबान पर काबू नहीं रखते तो सभ्य समाज की शैली में हम उन्हें करारा जवाब देने में सक्षम हैं। वैसे घोर निकृष्ट भाषी भूपेश बघेल और उनकी दलाल, चाटुकार, चालबाज मंडली को छत्तीसगढ़ की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में सही जवाब दे ही देगी। जिस प्रकार बुझने से पहले दिया भभकता है, उसी प्रकार कांग्रेसियों की मानसिकता सामने आ रही है।

    भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कहा है कि जैसा कि कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील शुक्ला कह रहे हैं कि माफियाराज भाजपा सरकार में चलता था और उसका अंत हो गया तो वे यह बताएं कि कांग्रेस की सरकार ने तीन साल में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय के कथित और कपोलकल्पित माफिया पर क्या कार्रवाई की है। श्री अग्रवाल ने कहा कि माफियागिरी चलाना कांग्रेस का शौक है, उसकी मजबूरी है। कांग्रेस माफिया के बिना एक कदम भी नहीं चल सकती। भाजपा की डॉ. रमन सिंह की सरकार ने पंद्रह साल तक साफ सुथरी राजनीति, स्वच्छ प्रशासन के साथ छत्तीसगढ़ का जो विकास किया, उस पर कांग्रेस की भूपेश बघेल का माफियाराज, दलालतंत्र तीन साल से विनाशलीला दिखा रहा है। हमने पंद्रह साल में विकास की बगिया सजाई और तीन साल में कांग्रेस ने चमन उजाड़ दिया। एक तरफ भूपेश बघेल कहते हैं कि छत्तीसगढ़ में गांजे की एक पत्ती भी नहीं आनी चाहिए, दूसरी ओर कांग्रेस के पाले पोसे गांजा तस्कर छत्तीसगढ़ की नस्लें धुंए में उड़ा रहे हैं। सुशील आनंद शुक्ला बताएं कि अपराधगढ़  में तब्दील होते छत्तीसगढ़ में किसको कौन सी फ्रेंचाइजी कांग्रेस सरकार ने दे रखी है।

  • बघेल खुद शराब बेच रहे और मां बहनों को गृहकलह का रास्ता दिखा रहे हैं- भाजपा, क्या शराबबंदी के लिए सोनिया, राहुल, प्रियंका की सहमति चाहिए? – डॉ रमन सिंह

    बघेल खुद शराब बेच रहे और मां बहनों को गृहकलह का रास्ता दिखा रहे हैं- भाजपा, क्या शराबबंदी के लिए सोनिया, राहुल, प्रियंका की सहमति चाहिए? – डॉ रमन सिंह

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर,  भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने राज्य में शराबबंदी के वादे पर अमल करने में भूपेश बघेल सरकार की टालमटोली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि तीन साल बीत गए मगर मुख्यमंत्री बघेल अब भी यही कह रहे हैं कि एकदम से शराबबंदी नहीं करेंगे, सबकी सहमति से शराबबंदी होगी। क्या सबकी सहमति का उनका आशय सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की सहमति से है? वरना किसकी सहमति की प्रतीक्षा है। तीन साल पहले गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी की कसम खाई गई थी। अब तक तो छत्तीसगढ़ ही क्या पूरे विश्व में बसे छत्तीसगढ़ी समाज की राय ली जा सकती थी। एक सवाल यह भी है कि क्या शराबबंदी के लिए हाथ में गंगाजल लेने के पहले किसकी सहमति मांगी गई थी जो इस तरह का वादा किया था। यदि भूपेश बघेल यह सोचते हैं कि हर मामले में दिल्ली दरबार के हुक्म का इंतजार करना है तो छत्तीसगढ़ में वे बाकी बचे दो साल में भी शराबबंदी लागू नहीं कर सकते। जो कांग्रेस बिहार में लागू शराबबंदी हटाने पर विचार करने का चुनावी वादा कर सकती है, वह छत्तीसगढ़ में किस आधार पर शराब बंदी करायेगी? दरअसल शराबबंदी की भूपेश बघेल की कोई मंशा नहीं है।

      भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल धार्मिक सम्मेलन में भी राजनीतिक कलाबाजिया दिखाने से परहेज नहीं रखते। वे महिलाओं को नसीहत दे रहे हैं कि शराब पीकर आने वाले को घर में नहीं घुसने दें। उनकी महिला बाल विकास मंत्री सलाह देती हैं कि थोड़ी थोड़ी पिया करो! अब पुरुष महिला बाल विकास मंत्री की सलाह मानें या माताएं बहनें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नसीहत पर अमल करें। भूपेश बघेल खुद शराब बिकवा रहे हैं और महिलाओं को सलाह दे रहे हैं कि पीकर आने वाले को घर में न घुसने दें, वे इस तरह गृह कलह का रास्ता दिखा रहे हैं। भूपेश बघेल समझ लें कि महिलाएं शराब बेचने वालों को अगली बार विधानसभा में नहीं घुसने देंगी।

       भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल कहते थे कि हम इसे नोटबंदी के समान अचानक बंद नहीं करेंगे। आज 3 साल बाद भी वही बात कर रहे हैं तो आखिर और उन्हें कितना समय चाहिए? आज प्रदेश में नशा मुक्ति केंद्र तक नहीं हैं। न ही उसके लिए कोई बजट है। छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्य की शराब सरकारी शराब दुकान में मिल रही है।  शराब के मामले में ढुलमुल रवैया बता रहा है कि भूपेश बघेल नाखून कटा कर शहीद बनना चाहते हैं।

  • कथित धर्म-संसद मामले में मुख्यमंत्री अपने गले में पड़े साँप को भाजपा के गले में डालने की शर्मनाक कोशिश न करें : भाजपा

    कथित धर्म-संसद मामले में मुख्यमंत्री अपने गले में पड़े साँप को भाजपा के गले में डालने की शर्मनाक कोशिश न करें : भाजपा

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि राजधानी के रावणभाठा मैदान में हुई धर्म संसद मुख्यता कांग्रेस संसद थी क्योंकि आयोजन मे कॉंग्रेस के बड़े बड़े नेता है जिसमें महात्मा गांधी के प्रति कही गई अशिष्ट बातों से पल्ला झाड़कर कांग्रेस के लोग अब एक नए राजनीतिक पाखंड का प्रदर्शन कर रहे हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस मामले में भाजपा के मौन की चिंता न करें और अपने गले में पड़े साँप को भाजपा के गले में डालने की अनैतिक और शर्मनाक कोशिश न करें। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल पहले तो यह बताएँ कि वे अपने पिता नंदकुमार बघेल की हिन्दू देवी-देवताओं और भगवान राम के विरुद्ध की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर क्यों मौन साधे बैठे रहते हैं?

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि संघ-परिवार और भाजपा के कार्यकर्ता महात्मा गांधी के प्रति पूरा सम्मान रखते हैं और सत्ता की राजनीति के लिए गांधी के नाम का इस्तेमाल नहीं करते। कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र के तराजू पर वे भाजपा की राजनीतिक संस्कृति को तौलने की भूल कदापि न करें। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि तथाकथित कांग्रेसी धर्म संसद में महात्मा गांधी के अपमान पर वक्ता पर तो एफआईआर कर दी गई लेकिन कांग्रेस के नेता और प्रदेश सरकार स्पष्ट करे कि यह आयोजन किसने रखा था और महात्मा गांधी के अपमान के लिए इस कथित धर्म संसद के आयोजकों के ख़िलाफ़ एफआईआआर नहीं कराके प्रदेश सरकार और कांग्रेस आयोजकों को बचाने में क्यों लगी है? श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजक तो कांग्रेस और प्रदेश सरकार के लोग ही थे, आयोजन स्थल पर स्वयं मुख्यमंत्री बघेल का चित्र लगा था।

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मतातंतरण के लगातार सामने आ रहे मामलों और कवर्धा मामले में अपने हिन्दू विरोधी राजनीतिक चरित्र के बेनक़ाब होने के बाद से बौखलाई कांग्रेस लगातार दुष्प्रचार करके बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को आहत और नित-नए राजनीतिक पाखंड करने में लगी है। राम के नाम पर ज़हर उगलते कांग्रेस नेता आज एकाएक हिन्दू और रामभक्त बनने का डोंग कर रहे हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि राजधानी में धर्म संसद का आयोजन कांग्रेस के इसी राजनीतिक पाखंड का प्रदर्शन था, जिसमें बुलाए गए एक वक्ता द्वारा महात्मा गांधी का किया गया अपमान अब कांग्रेस के गले की हड्डी बन गया है। वक्ता के साथ कांग्रेस और प्रदेश सरकार इस कार्यक्रम के आयोजकों के नाम प्रदेश के सामने सार्वजनिक करके उनके ख़िलाफ़ भी एफआईआर कराए।

  • सुनीति राठिया, सुभाष पांडेय एवं रजनी राठिया रायगढ़ जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति ( दिशा ) में सदस्य बने

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    जशपुर/फरसाबहार, रायगढ़ सांसद श्रीमती गोमती साय ने रायगढ़ जिला सतर्कता एवम निगरानी समिति (दिशा) में श्रीमती सुनीति राठिया,पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक लैलूँगा विधानसभा, सुभाष पाण्डेय, पूर्व सभापति रायगढ़ नगर निगम एवं वरिष्ठ पार्षद नगर निगम रायगढ़ एवं श्रीमती रजनी राठिया पूर्व जिला पंचायत सदस्य, छाल, वर्तमान भाजपा जिला मंत्री धर्मजयगढ़ विधानसभा को सदस्य नियुक्त किया है। इन तीनो वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी एवं पूर्व में महत्वपूर्ण पद पर रह कर अहम जबाबदारी का निर्वहन किया है। अपने उस अनुभव के साथ ये रायगढ़ के विकास के मुद्दे व केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान कर आम लोगो को उसका लाभ दिलायेंगे।

  • साय, सुंदरानी जान ले छग में भाजपा के साथ ही माफिया युग का भी अंत हो गया है -कांग्रेस

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर,  भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय, और सुंदरानी द्वारा लगाए गए माफिया पनपने के आरोपो को खारिज करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि साय और सुंदरानी जान ले छत्तीसगढ़ में भाजपा के साथ ही सारे तरह के माफियाओं का अंत हो गया है ।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सत्ता सम्भालते ही छत्तीसगढ़ में राज्य की संपदा लूटने वालो पर प्रभावी नकेल कस कर राज्य की संपदा का दोहन राज्य की जनता के हित में शुरू किया गया।

    कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि माफिया गिरी भाजपा की परंपरा है, पिछले 15 साल में के रमन राज में छत्तीसगढ़ में हर प्रकार का माफिया पनपा। भू माफिया,रेत माफिया,जंगल माफिया, कोयला माफिया हर प्रकार के माफियाओं को  भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन सत्तारूढ़ नेताओं ने संरक्षण दिया इसीलिए भारतीय जनता पार्टी को दिन-रात माफिया का सपना आता है

    छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क़ानूनेत्तर सरकार चलाने वाले माफियाओं पर नकेल कसी रेत माफियाओं को निस्तेनाबूत करके प्रदेश में रेत खदानों के लिए नियम एवं कानून बनाए गए ताकि रेत खदानों से सरकार की आय सुनिश्चित हो और रेत खदानों से राजस्व मिले यह सुनिश्चित किया गया।

    इसके लिए रेत खदानों को खनिज विकास निगम के अधीन लेकर उनके उत्खनन की कानून सम्मत प्रक्रिया बनाई गयी।15 साल तक भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के संरक्षण में फली फूली रेत माफिया सरकार की इस नई व्यवस्था से टूट गई।राज्य में 15 साल तक भू माफिया गिरी करने वाले तथा जमीनों की गैरकानूनी खरीद फरोख्त करने वालों पर अंकुश लगाया गया।

    तत्कालीन भाजपा सरकार ने माफियाओं को संरक्षण देने के लिए 5 डिसमिल से कम जमीनों पर रजिस्ट्री पर प्रतिबंध लगा दिया था और भूखंडों के डायवर्सन और नामांतरण को कठिन बना दिया गया था ताकि भाजपा संरक्षित भू माफियाओं के अलावा किसी अन्य से जमीन की खरीदी न की जा सके।

    कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस प्रयास विद्यालय की जमीन को ले कर भाजपा नेता बयान बाजी कर रहे उस विद्यालय के लिए जमीन आबंटन सरकार ने ही किया है और स्कूल की जमीन पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया गया होगा उसे बिल्कुल भी बर्दास्त नही किया जाएगा ।पन्द्रह साल जमीनो की खरीदफरोख्त कर बेतहाशा धन कमाने वाले भाजपाई अनर्गल बयान बाजी न करे तो बेहतर होगा ।राज्य का हर नागरिक जानता है कौन कितना बड़ा भू माफिया है।

  • पूर्व मंत्री राजेश मूणत बताये बसना का अटल आवास का निर्माण 11 साल में पूरा क्यो नहीं हुआ?, पूर्व रमन सरकार के कमीशनखोरी ने बसना के अटल आवास को खंडहर बना दिया – कांग्रेस

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर, पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत के के आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत को स्पष्ट करना चाहिए की रमन भाजपा के 15 साल के शासनकाल के दौरान 2007 में बसना ब्लाक के ग्राम बंसूला में शुरू हुई गरीबो की अटल आवास बनाने की योजना 11 साल में पूरा क्यों नहीं हो पाया? 300 अटल आवास का निर्माण होना था लेकिन 2007 से 2018  तक अटल आवास के नाम से मात्र 54 खंडहर ही बना।रमन भाजपा सरकार की कमीशनखोरी भ्रष्टाचार की भूख ने अटल जी के नाम से बनी योजना को भी निगल गई। बसना के गरीबों के आशियाने के सपने को छीना है।2007 से 2018 तक अटल आवास के नाम से 54 आवास में किसी का फाउंडेशन बना किसी का दो फिट तीन तक ईट की दिवाली बनी तो किसी का सिर्फ कालम खड़ा हुआ था।रमन भाजपा सरकार के समय शुरू हुई प्रोजेक्ट में उस दौरान तीन ठेकेदार बदले गये।हर बार टेंडर की प्रक्रिया कर काम को लटकाया गया।रमन भाजपा सरकार ने कमीशनखोरी के लिए अपने पसंदीदा ठेकेदार को काम दिया गया था।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व की रमन भाजपा सरकार के बदनियति कमीशनखोरी ने गरीबों को 1लाख 10 हजार रु में मिलने वाली मकान की योजना खंडहर बन गई। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार की नीयत ठीक नहीं है।छत्तीसगढ़ के 7लाख से अधिक गरीबों के मकान को छीनने का काम मोदी भाजपा की सरकार ने किया है। गरीबों के नाम से घड़ियाली आंसू बहाने भाजपा नेता बताएं कि मोदी सरकार के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना को निरस्त किया गया उन्होंने विरोध क्यों नहीं किया। बसना के बंसूला ग्राम में खंडहर अटल आवास  के मलमा को ले जाने वालों के खिलाफ विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई है और सख्त सख्त कार्रवाई की जाए।

  • संसदीय सचिव यू.डी. मिंज रौतिया समाज के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए शामिल, रौतिया समाज को संसदीय सचिव यू.डी. मिंज ने बताया दानवीर समाज

    रौतिया समाज के संघर्ष को बहुत करीब से देखता आया हूँ आपकी मांग जायज़ है:-यू.डी. मिंज

    संसदीय सचिव ने कहा रौतिया समाज की समस्याओं से माननीय भूपेश बघेल जी को अवगत कराया है उन्होंने जल्द समाधान भरोसा दिया है

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    जशपुर, संसदीय सचिव रौतिया समाज के द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत में रौतिया समाज के प्रणेता आदर्श वीर अमर शहीद बख्तर साय और मुंडन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर किया गया उससे पहले गाजे बाजे के साथ विधायक का स्वागत किया गया एवं स्वागत गीत गाकर नाचते हुए मुख्य अतिथि को मंच तक ले जाया गया।

    कार्यक्रम में संसदीय सचिव एवं विधायक यू.डी. मिंज ने संबंधित करते हुए कहा रौतिया समाज का जशपुर जिले में स्वर्णिम इतिहास रहा है।आज जिले में कई स्थानों पर रौतिया समाज के दानवीरों द्वारा जमीनें दान कर बसाई गयी हैं ।1956 से पहले तक रौतिया समाज मूल आदिवासी समाज हुआ करता था 1956 को संविधान का निर्माण करते समय कुछ गलत जानकारी जमा करने,  तथा कुछ गलतफहमी की वजह से समाज को आदिवासी समुदाय से अलग कर दिया गया लगभग 70 साल से रौतिया समाज अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है हर बार कामयाबी के करीब पंहुचकर जनप्रतिनिधियों के निजी स्वार्थसिद्धि के कारण हुई त्रुटि को सुधारा नही जा सका है । मैं विगत 10 सालों से रौतिया समाज के संघर्ष को बहुत करीब से देखता आया हूँ आपकी मांग जायज़ है आप मूल आदिवासी हैं। आपके हक की लड़ाई में मैं आपके साथ हूँ मुझसे आपके लिए जो बन पड़ेगा मैं करूँगा !!उन्होंने आगे कहा जो मदद मुझसे हो सकेगी मैं हर कदम करूँगा। मैनें आपकी समस्या से माननीय भूपेश बघेल जी को अवगत कराया है, उन्होंने भरोसा दिलाया है,कि आपके हक की लड़ाई के लिए प्रदेश सरकार से जो बन पड़ेगा प्रदेश सरकार वो सब करेगी। मैं बतौर जनप्रतिनिधि आपके साथ सदा खड़ा हूँ आप मुझसे मिलते रहें अपनी समस्या से मुझे अवगत कराते रहें मैं समाधान करने आपके साथ आपके पास हूँ.

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रौतिया समाज के प्रमुख नेता पालुराम प्रधान ने संक्षिप्त में रौतिया समाज के बारे में उपस्थित समुदाय के युवाओं  और बच्चों को बताया उन्होंने कहा आज  रौतिया समाज एकजुट हो रहा है हमें अपने सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़ कर जिम्मेदारी उठानी चाहिए हमारे रीति रिवाज से आने वाली पीढ़ियों को अवगत कराने की जिम्मेदारी हम सबकी है समाज के युवा और बच्चे हमारा अनुशरण करें इसके लिए हमें स्वंय को मार्गदर्शक बनना होगा.

    ज्ञात हो कि एक ओर सारा ईसाई समुदाय प्रभु येसु का जन्मदिन मनाने में मशगूल था वहीं कुनकुरी विधायक अपने व्यस्त दिनचर्या के साथ एक बार फिर से सुर्खियों में आये क्रिसमस का त्योहार मनाने संसदीय सचिव का समस्त परिवार जोकारी स्थित आश्रय में जमा हुआ ।ऐसे में रौतिया समाज के द्वारा दिया गया स्नेह निमंत्रण को उन्होंने स्वीकार ही नही किया बल्कि परिजनों को छोड़ कार्यक्रम में शामिल भी हुए कार्यक्रम में उनके साथ कुरकुंगा क्षेत्र के सक्रिय नेता सरवर अली ,विमल देव सिंह, प्रताप सिंह, प्रदीप एक्का अफरोज अली, सहित समाज की ओर से पालूराम प्रधान प्रांतीय सचिव, सांझु राम सह सचिव, संजय सिंह मुनेश्वर केसर, प्रताप सिंह, जयनंदन राम, सुनील राम , शिवनंदन सिंह, सन्तु सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे!

    कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने फुटबाल प्रतियोगिता के टॉस कर की इस दौरान उन्होंने फुटबाल को किक भी मारा उन्होंने  किसानों के लिए प्रदेश सरकार की योजनाओं से, स्वास्थ्य योजनाओं की, भी जानकारी ग्रामीणों को दी, उन्होंने कहा हर ग्राम में आप राजीव गांधी मितान क्लब की स्थापना करें ।राजीव गांधी मितान क्लब के जरिये ग्रामीण खेलकूद को बढ़ावा देने शासन द्वारा पूर्ण सहयोग दे ग्रामीण प्रतिभाओं को उकेरने  राज्य सरकार कार्य कर रही है आपका जिला बहुत खूबसूरत है इसे और खूबसूरत बनाने हम सबको मिलजुल कर कार्य करना होगा मैं तैयार हूं क्या आप तैयार हैं !!

  • प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एम ए इकबाल के निधन पर कांग्रेस की श्रद्धांजलि

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

    रायपुर. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एम ए इकबाल के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एम ए इकबाल कांग्रेस के ऊर्जावान सिपाही थे कांग्रेस के रीति नीति सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने निरंतर कार्य करते रहे हैं प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कांग्रेस की विचारधारा और सरकार के कार्यों को टीवी चैनलों में के माध्यम से जनता तक पहुंचाते थे उनके निधन से कांग्रेस को एक अपूरणीय क्षति हुई है ईश्वर शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एम ए इकबाल के निधन पर प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, गिरीश देवांगन, वरिष्ठ नेता राजेंद्र तिवारी, प्रतिमा चंद्राकर ,शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महापौर एजाज ढेबर, ज्ञानेश शर्मा, प्रमोद दुबे, उधोराम वर्मा, कन्हैयालाल अग्रवाल, अमरजीत चांवला ,संचार विभाग सदस्य आर.पी. सिंह, सुरेंद्र शर्मा, महेन्द्र छाबड़ा, किरणमयी नायक, पियूष कोसरे, नितिन भंसाली, अमित श्रीवास्तव, शिवसिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, धनंजय ठाकुर, विकास तिवारी, अजय साहू, मोहम्मद असलम, सुरेंद्र वर्मा, वंदना राजपूत, विकास विजय बजाज, अजय गंगवानी, प्रकाशमणि वैष्णव ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।