नवविवाहिता की संदिग्ध स्थिति में हुई मृत्यु, ससुर ने दामाद पर लगाये गंभीर आरोप, कुनकुरी पुलिस जांच में जुटी……देखें विडिओ…….

Advertisements
Advertisements

परिजनों का आरोप अंकित गुप्ता द्वारा पत्नि मोनिका गुप्ता के साथ प्रायः शराब पीकर करता था मारपीट

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी: नवविवाहिता की हुई संदिग्ध स्थिति में मृत्यु को लेकर परिजनों ने कुनकुरी पुलिस थाने में बयान देकर प्रकरण की निस्पक्ष जांच करने की मांग की है। परिजनों द्वारा अंकित गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोनिका गुप्ता की मृत्यु को संदेहास्पद बताया है। परिजनों का आरोप है कि अंकित गुप्ता अपनी पत्नि मोनिका गुप्ता के साथ प्रायः शराब पीकर मारपीट किया करता था। अंकित गुप्ता पर अन्य महिलाओं से अवैध संबंध रखने को लेकर प्रायः घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

परिजनों द्वारा लगाये जा रहे आरोपो पर कुनकुरी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए माता पिता सहित अन्य लोगो के बयान दर्ज कर लिये है। पुलिस मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतिक्षा कर रही है जिसके बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अग्रीम कार्यवाही करने की जानकारी दी है।

मामले के बारे में मृतका के पिता आनंद गुप्ता निवासी महुवाडांड झारखण्ड ने बताया कि उसका दामाद अंकित गुप्ता ने फोन पर अपनी पत्नि मोनिका गुप्ता की तबितय खराब होने पर अस्पताल लाये जाने के बारे में बताया गया था। जिसके बाद आनंद गुप्ता ने अपने एक परिजन जो दुलदुला में रहते है उनको कुनकुरी अस्पताल भेजकर स्थिति की जानकारी लेने के प्रयास किया तो उन्हे बताया गया कि उनकी पुत्री की मृत्यु हो गई है। आनंद गुप्ता ने अपने दामाद अंकित गुप्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पुत्री मोनिका गुप्ता के साथ दामाद शराब पीकर मारपीट करता था। सप्ताह भर पूर्व पुत्री मोनिका ने अपने मायके में फोन कर ससुराल में नही रहने की बात भी कही थी। उन्होने दामाद पर अन्य महिलाओं से अवैध संबंध रखने का भी आरोप लगाया और दामाद द्वारा उनकी पुत्री के नाम पर किसी संस्था से बड़ी रकम लोन में लेने की भी जानकारी दी।

प्रकरण के बारे में थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि मृतका का विवाह 5 वर्ष पूर्व हुआ था। शुक्रवार को पति अंकित गुप्ता द्वारा पत्नि मोनिका गुप्ता की मृत्यु होने की सूचना दी गई थी जिस पर कुनकुरी पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया। कार्यपालन दण्डाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा की कार्यवाही की गई है। शव का पोस्ट मार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

क्या है मामला ?

नगर के शिव मंदिर मार्ग निवासी अंकित गुप्ता पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद गुप्ता की पत्नि मोनिका गुप्ता उम्र 27 वर्ष की संदेहास्पद स्थिति में मृत्यु होने की जानकारी मिली है। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार मृतका रात्री में दुर्गा पण्डाल से पूजा में शामिल होकर लौटी थी वही सुबह उसकी मृत्यु होने की ख़बर मोहल्ले एवं नगर में चर्चा का विषय बनी रही। प्रातः मृतका को परिजनों द्वारा स्थानीय निजी चिकित्सालय ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उसकी मृत्यु काफी पहले ही हो जाने की जानकारी दी।

मृतका के पति अंकित गुप्ता द्वारा अपने चाचा अशोक गुप्ता के साथ कुनकुरी पुलिस थाना में आकर जानकारी दी गई कि बुधवार की रात्री में लगभग साढ़े आठ बजे उसकी पत्नि मोनिका गुप्ता दुर्गा पूजा के आरती में शामिल होकर लौटी थी। रात्री में खाना खाकर दोनो पति पत्नि एक ही कमरे में सोये थे, प्रातः 6 बजे अंकित गुप्ता ने देखा की उसकी पत्नि कमरे में नही थी, बाहर जाकर हॉल में देखने पर सोई हुई मिली। जगाने का प्रयास करने पर नही उठी तो बेहोश समझकर अपने चाचा रवि गुप्ता एवं चाची रंजीता गुप्ता को बुलाया, मृतका को उठाकर पानी पिलाने का प्रयास किया गया, उसके उपरांत अस्पताल ले जाया गया जहां परिक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिसकी सूचना पर कुनकुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर इसकी सूचना एसडीएम कुनकुरी को भेजी गई।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!