बड़ी खबर : ग्राम पंचायत चरईखारा के सरपंच सचिव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये पंचो एवं ग्रामीणों ने, जनपद सीईओ से शिकायत कर की जांच की मांग….

Advertisements
Advertisements

लाखों रूपये के अनियमित आहरण का लगाया आरोप

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी: जनपद पंचायत कुनकुरी के अन्तर्गत ग्राम पंचायत चरईखारा की सरपंच एमेल्डा टोप्पो एवं सचिव लोयोला तिर्की पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए ग्राम पंचायत के वार्ड पंच सहित नागरिकों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुनकुरी को 20 अक्टूबर शुक्रवार को 10 बिन्दु पर आधारित शिकायत पत्र देकर जांच एवं कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि सीईओ जिला पंचायत जशपुर, कलेक्टर जशपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुनकुरी को प्रेषित की गई है।

प्रेषित शिकायत में पंचो एवं ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की बैठक नही करके मनमाने ढ़ंग से राशि का आहरण कर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। दिनांक 10 नवम्बर 2021 को एक लाख इक्कीस हजार पांच सौ रूपये का आहरण हुआ है जिसकी जानकारी किसी भी पंच को नही है। 12 दिसम्बर 2021 को एक लाख पचास हजार रूपये के किये गये आहरण की जानकारी भी पंचो को नही है। इसी प्रकार 8 मार्च 2022 को एक लाख बीस हजार रूपये का आहरण भी पंचो की जानकारी के बगैर किया गया है। 20 मई 2022 को सत्तर हजार रूपये के आहरण की भी जानकारी पंचो को नही है। 19 जुलाई 2022 को बासठ हजार सात सौ रूपये के आहरण की भी जानकारी पंचो को नही मिली है। 9 अगस्त 2022 को एक लाख चौबीस हजार नौ सौ तीस रूपये का आहरण भी ढ़ोढी मरम्मत के नाम पर पंचो की जानकारी के बिना किया गया है। 18 जनवरी 2023 को भी 95 हजार एवं एक लाख रूपये के किये गये दो आहरण की भी जानकारी पंचो को नही दी गई है। इसी प्रकार 24 जनवरी 2023 को भी 49 हजार 997 रूपये तथा 49 हजार 995 रूपये के दो आहरण भी पंचो को जानकारी दिये बिना किया गया है। 25 जनवरी 2023 को भी एक नाली की सफाई के नाम पर एक लाख रूपये का आहरण करते हुए इसकी जानकारी पंचो को नही दी गई है।

दिये गये शिकायत में भ्रष्टाचार के प्रकरणों को उजागर करते हुए सरपंच एवं सचिव के विरूद्ध निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्यवाही करने की मांग ग्रामीणों एवं पंचो द्वारा की गई है। शिकायतकर्ता पंचो में डेविड कुजूर, सोसन तिग्गा, प्रियंका एक्का, शीतल, विलियम कुजूर आदि के साथ ग्रामीण मेलानिका, सलिना टोप्पो, गणेश कुमार यादव, रोमानुस मिंज, धनेश्वर यादव, रामनिवास गुप्ता, रोहित टोप्पो, आनंदित तिग्गा, विलियम मिंज, नित्यानंद आदि सम्मिलित है।

इस शिकायत के संदर्भ में सीईओ जनपद पंचायत कुनकुरी के के श्रीवास द्वारा बताया गया कि ग्राम पंचायत चरईखारा के पंचो एवं ग्रामीणों द्वारा सरपंच एमेल्डा टोप्पो एवं सचिव लोयोला तिर्की के विरूद्ध भ्रष्टाचार एवं अवैधानिक रूप से राशि आहरण की शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आरोपियों के उपर कार्यवाही की जायेगी।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!