लोकसभा चुनाव में पार्टी की बढ़त बनाने की कार्य योजना तय करने भाजपा की बैठक हुई : प्रदेश अध्यक्ष देव ने सभी 11 सीटें जीतने के लक्ष्य को दुहराते हुए नेताओं से इसके लिए संकल्पित होकर जुटने का आह्वान किया

समदर्शी न्यूज़, रायपुर : भारतीय जनता पार्टी की एक अहम बैठक आगामी लोकसभा चुनावों के परिप्रेक्ष्य में रविवार को हुई। छत्तीसगढ़ के जिन विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को विजय प्राप्त नहीं हुई, उन स्थानों पर लोकसभा चुनाव में पार्टी की बढ़त बनाने की कार्य योजना तय करने हेतु ‘लोकसभा चुनाव कार्य योजना बैठक’ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव , महामंत्री संगठन पवन साय व  पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल उपस्थित हुए।

बैठक में अपने विचार रखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने पार्टी नेताओं से पांच बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। श्री देव ने नेताओं से कहा कि वे स्वयं तो नमो एप से अधिक से अधिक जुड़ें, साथ ही अन्य लोगों को भी जोड़ें। भाजपा नेता नमो एप का ब्रांड एंबेसडर बनें। श्री देव ने कहा कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। सैकड़ों वर्ष के सतत संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्वाभिमान व गौरव के इस क्षण के हम साक्षी बनने जा रहे हैं, यह हमारा सौभाग्य है और इसलिए यह महोत्सव हम सब दीपोत्सव के रूप में मनाएँ। श्री देव ने आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतने के लक्ष्य को दुहराते हुए नेताओं से इसके लिए संकल्पित होकर जुटने का आह्वान किया। केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक बार फिर जनता के बीच जाकर ‘मोदी की गारंटी’ पर व्यापक चर्चा पर जोर देते हुए श्री देव ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी, नेता और जनप्रतिनिधि विकसित भारत संकल्प यात्रा में सारे कार्यकर्ताओं को साथ लेकर उसे सफल बनाने में जुट जाएँ। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री साय और पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने भी उपस्थित नेताओं का मार्गदर्शन किया।

Advertisements
error: Content is protected !!