झूठे दावों का बाज़ार सजाकर तीन साल के कार्यकाल का जश्न मनाती भूपेश सरकार के राज में एक और किसान की आत्महत्या ने कलई खोली : भाजपा

Advertisements
Advertisements

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा : किसानों के साथ क्रूरतापूर्वक खिलवाड़ करने में लगी प्रदेश सरकार जश्न के बजाय अपने धत्कर्मों का मातम मनाए जिसकी कुनीतियों, बदनीयती से सैकड़ों किसान आत्महत्या के लिए विवश हुए

मृतक किसान के परिजनों को प्रदेश सरकार तत्काल 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराए, भाजपा प्रदेश सरकार के किसान विरोधी काले कारनामों को लेकर एक और व्यापक जनजागरण अभियान छेड़ेगी : साय

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

रायपुर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार अब भी किसानों की जान की दुश्मन बनी बैठी है और अब भी किसान प्रदेश में आत्म हत्या करने के लिए विवश हो रहे हैं लेकिन अपने धत्कर्मों पर प्रदेश की निकम्मी व नाकारा कांग्रेस सरकार और कांग्रेस नेताओं को ज़रा भी शर्म महसूस नहीं हो रही है। श्री साय ने कहा कि एक तरफ़ कांग्रेस और प्रदेश सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल का जश्न मनाने और अपने झूठे दावों का बाज़ार सजाकर अपने मुँह मियाँ मिठ्ठू बनने में मशगूल है और दूसरी तरफ़ समर्थन मूल्य पर धान ख़रीदी के नाम पर ढोल पीट रही सरकार किसानों उनके वास्तविक रकबे का टोकन तक नहीं दे रही है, जिसके चलते डोंगरगाँव में केरेगाँव के एक किसान ने धान के रकबे में कटौती करने के कारण परेशान होकर आत्महत्या कर ली।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों के नाम पर ओछी से ओछी राजनीति करने से बाज नहीं आते और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भाजपा को किसानों की दुश्मन बताते संकोच नहीं करते जबकि अपनी कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यकाल में 550 किसानों की आत्महत्या के मामले में अपने मुँह में दही जमाए बैठे हैं। किसानों की जान की दुश्मल बनी बैठी कांग्रेस की प्रदेश सरकार के तीन सालाना जश्न का कलंक डोंगरगाँव के केरेगाँव निवासी किसान की आत्महत्या का यह ताज़ा मामला है, जिसे चार एकड़ रकबे के बजाय महज़ डेढ़ एकड़ रकबे का टोकन थमाया गया था। श्री साय ने कहा कि भूपेश सरकार के पूरे कार्यकाल में सबसे ज़्यादा संत्रस्त प्रदेश का किसान हुआ है। प्रदेश सरकार की तुग़लक़शाही के चलते किसानों को धान बेचने में तरह-तरह की अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी गिरदावरी के नाम पर तो कभी रकबा कटौती के नाम पर, किसानों के साथ क्रूरतापूर्वक खिलवाड़ करने में लगी प्रदेश सरकार को तीन साल के जश्न के बजाय अपने धत्कर्मों का मातम मनाना चाहिए जिसकी कुनीतियों, बदनीयती के चलते प्रदेश के सैकड़ों किसानों को आत्महत्या के लिए विवश होना पड़ा व होना पड़ रहा है और उनके परिवार में मातम पसरा है। श्री साय ने कहा कि किसानों के घरों में मातम फैलाकर कांग्रेस को तीन साल का जश्न मनाते क्या ज़रा भी शर्म महसूस नहीं हो रही है? करोड़ों-अरबों रुपए के विज्ञापनों से अपने दोगले राजनीतिक आचरण और घोर किसान विरोधी चरित्र से कलंकित चेहरे का फेसियल करने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसानों की आत्महत्या के महापाप से कैसे मुक्त होगी? श्री साय ने मृतक किसान के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक किसान के परिजनों को प्रदेश सरकार तत्काल 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराए और अपनी कुनीतियों के पाप का प्रायश्चित करे। भाजपा प्रदेश सरकार के किसान विरोधी काले कारनामों को लेकर एक और व्यापक जनजागरण अभियान छेड़ेगी।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!