ईद-उल-जुहा (बकरीद) त्यौहार के आयोजन हेतु कुनकुरी पुलिस थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न

समदर्शी न्यूज़, कुनकुरी: प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 17 जून 2024 को ईद-उल-जुहा (बकरीद) त्यौहार का आयोजन किया जाना है। आयोजन की आवश्यक तैयारी के संबंध में कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह के मार्गदर्शन में रविवार को शांति समिति की बैठक पुलिस थाना में आयोजित की गई। बैठक में पर्व को लेकर बेहतर आयोजन पर समिति से चर्चा की गई।

थाना प्रभारी सुनील सिंह द्वारा आयोजन समिति के सदस्यों तथा प्रतिनिधियों से तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। ईदगाह सहित मस्जिदों में सुरक्षा व्यवस्था रहने की जानकारी दी गई। इस हेतु मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई जाने से भी अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

बैठक में उपस्थित अंजुमन कमेटी के सदर खालीद सिद्दीकी ने बताया कि ईद-उल-जुहा की नमाज 17 जून को ईदगाह में सुबह 8 बजे एवं इंतजामियां कमेटी के सदर ताहिर अली ने बताया कि मस्जिद में नमाज 7.30 बजे पढ़ी जाएगी। इसके बाद घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की जायेगी। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि ईद-उल-जुहा बकरीद का त्यौहार आपसी भाईचारे के साथ सौहार्द्रपूर्ण ढंग से शान्तिपूर्वक मनाए जाने में सभी का सहयोग रहेगा।

बैठक में नगर के सभी समुदाय के प्रबुद्धजन, शांति समिति के अन्य सदस्य, पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisements
error: Content is protected !!