वर्ष 2016 में अपने एक साथी के साथ लावाकेरा में दिया था, चोरी की घटना को अंजाम.
प्रकरण में एक आरोपी को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल, मामला थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में चोरी के लिए भा.द.वि. की धारा 457,380 के तहत अपराध पंजीबद्ध.
गिरफ्तार फरार आरोपी का नाम-कमल साय, उम्र 37 वर्ष, निवासी लावाकेरा, बेलडीपा, थाना तपकरा, जिला जशपुर (छ.ग).
जशपुर.19 मई 2025 : जशपुर जिले की पुलिस को “ऑपरेशन अंकुश” के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2016 में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे आरोपी कमल साय को नौ साल बाद तपकरा पुलिस ने बेलडीपा, लावाकेरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम अपने साथी के साथ मिलकर दिया था, जिसमें एक आरोपी पूर्व में ही गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी सहायता से मिली इस गिरफ्तारी ने जशपुर पुलिस की प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है।
पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की पतासाजी व गिरफ्तारी हेतु जशपुर पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश व नेतृत्व में ऑपरेशन अंकुश चला रही है, जिसके तहत पुराने प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को चिन्हित कर, उनकी धर पकड़ हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को तपकरा क्षेत्रांतर्गत एक चोरी के मामले में नौ वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम लावाकेरा निवासी प्रार्थी सुख सागर साय ने थाना तपकरा को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 27 फरवरी 2016 को वह अपने परिवार के साथ, घर को ताला बंद कर, गांव में ही एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, कार्यक्रम के पश्चात जब वे रात्रि करीबन 12:30 बजे के आसपास जब वापस घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था, अंदर जाकर देखा तो पाया कि घर के अंदर पेटी में रखा 1500/- रुपये नगद नहीं था, व एसबीआई बैंक का एटीएम कार्ड, कियोस्क कार्ड तथा वोटर आईडी को भी चोर, चोरी कर ले गए थे। उन्होंने गांव के ही अनूप साय व कमल साय दोनों निवासी लावाकेरा, बेलडीपा के ऊपर संदेह जताया था।
पुलिस के द्वारा रिपोर्ट पर थाना तपकरा में चोरी के लिए भा.द.वि. की धारा 457, 380 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा मामले के एक आरोपी अनूप साय को गिरफ्तार कर लिया गया था, व उसके कब्जे से चोरी हुए, प्रार्थी के एटीएम कार्ड, कियोस्क कार्ड व वोटर आईडी को भी बरामद कर लिया गया था, तथा चोरी की रकम 1500/- रु में से उसके हिस्से में मिले 500 रु को खर्च करना बताया था।
मामले का दूसरा आरोपी कमल सिंह घटना दिनांक से ही फरार था। पुलिस के द्वारा ऑपरेशन अंकुश के तहत आरोपी कमल साय को चिन्हित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था व साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद भी ली जा रही थी, इसी दौरान दिनांक 18 मई 2025 को पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि उक्त चोरी का लंबे समय से फरार आरोपी कमल साय, को बेलडीपा, लावाकेरा में घूमते हुए देखा गया है, जिस पर मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर पुलिस टीम के द्वारा बेलडीपा, लावाकेरा जाकर घेराबंदी कर,फरार आरोपी कमल साय को उसके घर से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी कमल साय के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की कार्यवाही व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक श्री संदीप कौशिक, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमिका कुजूर, प्रधान आरक्षक अजय खेस व आरक्षक अमित त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के अंतर्गत लगातार फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है, 09 साल से फरार एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, यह ऑपरेशन आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
