कुनकुरी, 3 जून 2025 : वर्षों से लंबित कुनकुरी-रनपुर मार्ग पर ईब नदी पर पुल निर्माण की मांग अब साकार होने जा रही है। इस ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित कार्य को राज्य सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ₹486.85 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी भाजपा नेता एवं पार्षद अमन शर्मा ने दी। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए एक विकास, सुविधा और विश्वास की सौगात बताया।
अमन शर्मा ने कहा कि यह केवल एक पुल का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की एक नई राह है। पुल के बनने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह स्वीकृति मुख्यमंत्री की जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता और दूरदृष्टि का परिचायक है। इससे वर्षों से इस क्षेत्र के लोग जिस उम्मीद में थे, वह आज साकार हो रही है।”
राज्य शासन द्वारा जारी प्रशासकीय आदेश के अनुसार, इस परियोजना की कुल लागत ₹486.85 लाख निर्धारित की गई है। कार्य की निविदा प्रक्रिया, तकनीकी स्वीकृति, ड्राइंग-डिजाइन, भूमि उपयुक्तता, गुणवत्ता नियंत्रण और समयसीमा को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए बजट वर्ष 2024-25 में आवश्यक प्रावधान किया गया है।
इस पुल के निर्माण से कुनकुरी-रनपुर मार्ग पर लोगों की आवाजाही और मालवाहन अब आसान होगा। स्थानीय ग्रामीणों में इसे लेकर विशेष उत्साह है और वे भी इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दे रहे हैं।
इस मौके पर अमन शर्मा ने कहा, “भाजपा की सरकार ने जो कहा, वो करके दिखाया। आज प्रदेश की जनता विकास के इस नए युग में भरोसे के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जैसे नेतृत्वकर्ता के कारण ही यह संभव हो पाया है।”

