थाना मणीपुर पुलिस टीम द्वारा मामले में विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध की गई कड़ी वैधानिक कार्यवाही.
विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड एवं चोरी का किराना सामान किया गया बरामद.
चोरी सम्बन्धी अपराधों में पुलिस टीम द्वारा की जा रही लगातार कड़ी कार्यवाही.
मामलें में शामिल एक अन्य युवक घटना दिनांक से फरार है, जिसका पता तलाश की जा रही है.
अंबिकापुर. 29 जून 2025 : सरगुजा जिले के मणीपुर थाना क्षेत्र में किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़ कर नकद व किराना सामान की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड व चोरी का सामान बरामद कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रुपेश सोनी साकिन ग्रामीण बैंक के पास थाना मणीपुर द्वारा दिनांक 24 जून 25 को थाना मणीपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि प्रार्थी ग्राम लोधिमा मेन रोड मंदिर के पास आरती ट्रेडर्स किराना दुकान का संचालन करता है। दिनांक 23 जून 2025 को प्रार्थी प्रतिदिन की भांति रात्रि करीबन 8:30 बजे दुकान को बंद कर ताला लगाकर अपने घर चले गया था। दिनांक 24 जून 2025 के सुबह वापस दुकान आकर देखे तो दुकान के पीछे के दरवाजा का ताला टुटा हुआ था और सारा समान बिखरा पड़ा हुआ था। अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा प्रार्थी के दुकान का ताला तोडकर अंदर घुसकर नगद रकम 4000/- रूपये एवं किराना सामान कुल कीमत लगभग 22000/- रुपये की चोरी होना बताया गया है। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 187/25 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा मामले में शामिल युवकों का पता तलाश किया जा रहा था, पता तलाश के दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि चिटकीपारा लोधिमा मेन रोड में कुछ युवक आने जाने वाले लोगो को किराना सामानों की बिक्री कर रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मौक़े से 04 विधि से संघर्षरत बालको को पकड़ कर पूछताछ की गई, विधि से संघर्षरत बालकों से किराना दुकान में चोरी की घटना के बारे में पूछताछ किये जाने पर अपने अन्य साथियों के साथ मिल कर दुकान से किराना सामान एवं नगदी रकम चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया।
विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड एवं बचत किराना सामान बरामद किया गया है, चोरी की गई नगद रकम को विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा आपस में बाटकर खर्च कर देना बताया गया है। मामले में शामिल एक अन्य युवक फरार है, जिसका पता तलाश किया जा रहा है। विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से प्रकरण में गिरफ्तार कर माननीय किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, प्रधान आरक्षक मदन गोपाल परिहार, प्रधान आरक्षक महेश्वर सिंह,आरक्षक उमाशंकर साहू, आरक्षक कुश सोनी, आरक्षक अनिल सिंह, आरक्षक अरविंद सिंह, आरक्षक बसंत खुटिया, आरक्षक नरेंद्र सिंह सक्रिय रहे हैं।
