ब्रेकिंग जशपुर : बगिया छात्रावास में अनियमितता पर कलेक्टर की कड़ी कार्रवाई : अधीक्षक व भृत्य को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित!

जशपुर, 10 जुलाई 2025/ जशपुर जिले के विकासखंड कांसाबेल स्थित शासकीय आदिवासी बालक आश्रम, बगिया में लापरवाही और अनियमितता के मामले में कलेक्टर रोहित व्यास ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आश्रम परिसर की दुर्दशा और एक छात्र की सर्पदंश से मृत्यु के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

दरअसल, कक्षा तीसरी में अध्ययनरत छात्र अमृत साय की सर्पदंश से मृत्यु के बाद जांच में सामने आया कि आश्रम परिसर की साफ-सफाई एवं देख-रेख में गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी। छात्र को समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी दुखद मृत्यु हो गई, जो कि व्यवस्था की घोर विफलता को दर्शाता है।

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

  1. ठाकुर दयाल सिंह, प्रभारी अधीक्षक, शासकीय अनुसूचित जनजातीय बालक आश्रम, बगिया को छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1966 के नियम 9 (1)(क) के तहत निलंबित किया गया है।
  2. रामकुंवर सिदार, नियमित भृत्य, शासकीय आदिवासी बालक आश्रम, बगिया को भी उसी नियम के अंतर्गत निलंबन का आदेश जारी हुआ है।

कलेक्टर ने जताई नाराज़गी

कलेक्टर रोहित व्यास ने आश्रम की दुर्दशा पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि “छात्रावासों की जवाबदारी अधिकारियों की है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Related posts