आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 107/2025 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर की जा रही कार्रवाई.
रायगढ़. 16 जुलाई 2025 : रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर आरोपी ईश्वर चंद यादव को 984 ग्राम गांजा व बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा, जबकि उसका साथी फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कापू थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा शिकंजा कसते हुए पुलिस ने सोमवार 15 जुलाई को एक बड़ी कार्रवाई में एक गांजा तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव ने पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की और ग्राम गोढीखुर्द आम बगीचा के पास मेन रोड पर टीम के साथ नाकेबंदी कर दी गई। कुछ ही देर बाद पत्थलगांव की ओर से बिना नंबर की काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल में दो युवक आते दिखे, जिन्हें रोकने पर पीछे बैठा एक युवक मोटर साइकिल से कूद कर फरार हो गया, जबकि एक आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम ईश्वर चंद यादव (उम्र 53 वर्ष) निवासी प्रेमनगर, पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया और बताया कि वह अपने साथी नितेश अग्रवाल के साथ पत्थलगांव से कापू गांजा बेचने आया था। पकड़े गए आरोपी के पास से थैले में भूरा रंग का पैकेट मिला, जिसमें 984 ग्राम मादक पदार्थ गांजा पाया गया जिसकी अनुमानित कीमत 15,000/- रुपये है। आरोपी से बिना नंबर प्लेटिना मोटर साइकिल (इंजन नंबर PFXUUML91444, चेसिस नंबर MD2A76AX2MWL10646) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹25,000 है।
थाना कापू में आरोपी ईश्वर चंद यादव व फरार साथी नितेश अग्रवाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 107/2025 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
इस प्रकरण की संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल एवं एसडीओपी श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव, एएसआई कमल राजपूत, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक विभूति सिंह, आरक्षक इलियाजर टोप्पो व आरक्षक विद्याधर पटेल की सराहनीय भूमिका रही है।
