जशपुर, 24 जुलाई 2025/ जिले के नागरिकों के लिए 24 जुलाई 2025 का दिन उत्साह और सम्मान से भरा रहा, जब छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन बगिया हैलिपैड पर हुआ। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए वहां एक गरिमामय माहौल देखने को मिला, जहां जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीयता और आदर के साथ उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री के आगमन पर सबसे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद सूरजपुर संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का ससम्मान स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और जिले के विकास कार्यों, योजनाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की संक्षिप्त जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के भविष्य, युवाओं के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
बगिया हैलिपैड का यह स्वागत दृश्य, प्रशासनिक समन्वय और आम जनता के विश्वास का प्रतीक बना। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत हेतु स्थानीय बालिकाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण पूरी तरह सांस्कृतिक गौरव में रंग गया।
