बिलासपुर, 24 जुलाई 2025 : छत्तीसगढ़ के मध्य में बसा बिलासपुर शहर सिर्फ एक भौगोलिक केंद्र नहीं, बल्कि रेलवे के व्यापक नेटवर्क का एक अहम हिस्सा भी है । यहां का बिलासपुर रेलवे स्टेशन, जो शहर के हृदयस्थल पर स्थित है, न सिर्फ यात्रा की शुरुआत का बिंदु है बल्कि शहरवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का भी अभिन्न हिस्सा बन चुका है । हर दिन हजारों यात्री इस स्टेशन से अपनी मंज़िल की ओर रवाना होते हैं, तो दूसरी ओर, विभिन्न शहरों से आए छात्र, परिश्रमी मजदूर, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोग इसी स्टेशन पर उतरकर अपने घरों, गांवों और कार्यस्थलों की ओर प्रस्थान करते हैं ।
रेलवे की उपस्थिति ने न केवल शहर की कनेक्टिविटी को मज़बूती दी है, बल्कि क्षेत्रवासियों के जीवन के विभिन्न पहलुओं को भी प्रभावित किया है । बिलासपुरवासियों के बीच रेल यात्रा सुलभ और भरोसेमंद मानी जाती हैं । दशकों से शहर में स्टेशन की मौजूदगी ने आम नागरिकों के मन से रेल यात्रा के झिझक खत्म कर दिया है । इसके साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का ज़ोनल मुख्यालय यहीं स्थित होना बिलासपुरवासियों के लिए गर्व की बात है ।
देशभर में यात्रा करने के बाद जब यात्री बिलासपुर स्टेशन पहुंचते हैं, तो उन्हें यह देखकर सुकून मिलता है कि उनके शहर का स्टेशन देश के सबसे स्वच्छ और सुव्यवस्थित स्टेशनों में से एक है । यहां यात्रियों की लिए मौजूद सुविधा भी बेहतर है। स्टेशन पर कैशलेस टिकटिंग व्यवस्था (एटीवीएम मशीनें), डोरमेट्री, प्रतीक्षालय, बुजुर्गों के लिए लिफ्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है। यह सब मिलकर इसे एक आधुनिक और सुलभ स्टेशन बनाते हैं ।
सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक रेलवे
बिलासपुर स्टेशन और ज़ोनल मुख्यालय ने न केवल आर्थिक और भौतिक विकास को बढ़ावा दिया है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विविधता को भी समृद्ध किया है । रेलवे क्षेत्र में ही बंगाली, तेलुगु और ओड़िया माध्यम के स्कूल चलते हैं, जो यह दर्शाते हैं कि विभिन्न राज्यों के लोग वर्षों से यहां निवासरत हैं और शहर की संस्कृति में घुले-मिले हैं ।
यही नहीं, जगन्नाथ मंदिर, कोडंडरामा मंदिर (दक्षिण भारतीय संस्कृति से जुड़ा) और कालीबाड़ी मंदिर जैसी धार्मिक संरचनाएं इस सांस्कृतिक विविधता का जीवंत उदाहरण हैं। ये सभी स्थान न केवल धार्मिक आस्था के केंद्र हैं, बल्कि हमारे “वसुधैव कुटुंबकम्” के मूल विचार को भी दर्शाते हैं ।
खेलों में भी रेलवे ने खोले नए आयाम
रेलवे ने खेल के क्षेत्र में भी बिलासपुर को एक पहचान दी है । नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट (एनईआई), सेक्रसा ग्राउंड, बॉक्सिंग ग्राउंड जैसे खेल परिसरों ने शहर की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुँचने का अवसर दिया है । रेलवे द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में यहां से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरे हैं, जिनमें से कुछ के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड तक में दर्ज हैं। यह शहर के लिए गर्व की बात है कि रेलवे के सहयोग से बिलासपुर खेलों के नक्शे पर चमक रहा है ।
आर्थिक विकास में रेलवे का योगदान
रेलवे न केवल यात्रा का माध्यम है बल्कि रोजगार और व्यापार का स्रोत भी है । हजारों यात्रियों के नियमित आगमन से स्टेशन क्षेत्र में भोजन, होटल, लॉज, ऑटो-टैक्सी, हैंडलूम, बुक स्टॉल जैसे व्यवसायों को गति मिली है । ऐसे अनेक छोटे-छोटे कारोबार स्टेशन की गतिविधियों पर निर्भर हैं, जिनसे सैकड़ों परिवारों की आजीविका चल रही है ।
रेलवे से जुड़े ठेकेदारी कार्य, निर्माण परियोजनाएं और तकनीकी सेवाएं भी स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर प्रदान कर रही हैं । यह कहना गलत नहीं होगा कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन शहर की आर्थिक गति का एक प्रमुख इंजन बन चुका है ।
नए रूप में संवर रहा स्टेशन
हाल ही में स्टेशन परिसर में रेल कोच से निर्मित रेस्टोरेंट का शुभारंभ हुआ है, जो न सिर्फ यात्रियों बल्कि शहरवासियों के लिए भी एक नया आकर्षण बना है । इसके साथ ही, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य प्रारंभ हो चुका है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, भव्य और यात्री हितैषी बनाया जा रहा है। आम नागरिकों और यात्रियों में इसे लेकर खासा उत्साह है और हर कोई इस कार्य के जल्द पूर्ण होने की प्रतीक्षा कर रहा है ।
