मवेशी सड़कों पर घूमते पाए जाते हैं, तो मवेशी मालिकों के विरूद्ध की जाएगी कड़ी वैधानिक कार्यवाही.
सूरजपुर. 24 जुलाई 2025 : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर खुले में घूमते मवेशियों की वजह से हो रही ट्रैफिक बाधा और संभावित दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पशु मालिकों पर वैधानिक कार्यवाही की है। मवेशियों को बार-बार समझाइश के बाद भी सड़क पर छोड़ने वाले पांच लोगों पर धारा 152 बीएनएसएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़कों पर मवेशी छोड़ने की प्रवृत्ति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क पर घूम रहे मवेशियों के मालिकों के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने कार्यवाही की है। यह कदम राष्ट्रीय राजमार्गो पर मवेशियों को खुला छोड़ने से होने वाली समस्याओं जैसे कि यातायात बाधित होना और दुर्घटनाएं को रोकने के लिए उठाया गया है।
मवेशी मालिकों को मवेशी खुला ना छोड़ने की समझाईश का असर न होने एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत रूप से पालतु पशु को छोड़ने पर थाना सूरजपुर पुलिस के द्वारा (1) अजय बरगाह उम्र 40 वर्ष निवासी भट्ठापारा सूरजपुर (2) नीरज चुटेल उम्र 35 वर्ष ग्राम पर्री कुशवाहापारा (3) प्रबंधक भगवती गौशाला चन्द्रशेखर वार्ड सूरजपुर (4) बद्री प्रसाद उम्र 48 वर्ष पता चन्द्रशेखर वार्ड सूरजपुर (5) ज्ञानचंद राजवाड़े उम्र 36 वर्ष गाम नमदगिरी के विरूद्ध सार्वजनिक सुरक्षा और बाधा उत्पन्न करने पर धारा 152 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्यवाही की गई है। पुलिस ने मवेशी मालिकों को चेतावनी दी है कि वे अपने जानवरों को सड़कों पर न छोड़ें. यदि मवेशी सड़कों पर घूमते पाए जाते हैं, तो मवेशी मालिकों के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
