थाना चांदनी में आरोपी के विरूद्ध धारा 318(2), 127(3), 87, 64(2), 308(2), 351(2) बीएनएस व आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के अंतर्गत मामला किया गया पंजीबद्ध.
सूरजपुर. 05 अगस्त 2025 : सूरजपुर जिले की चांदनी थाना पुलिस ने एक गंभीर अनाचार और ब्लैकमेलिंग के मामले में पटना (बिहार) से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चिंतामणि (उम्र 35) ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को फिल्मों में हीरोइन और सिंगर बनाने का सपना दिखाया, फिर उसे बुलाकर शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने युवती का मोबाइल छीनकर अश्लील वीडियो बनाए और बाद में वायरल करने की धमकी देते हुए फिर से पैसे व संबंध की मांग की। पीड़िता ने जैसे-तैसे बचकर सूरजपुर लौटकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सूरजपुर पुलिस की टीम ने पटना जाकर आरोपी को धर दबोचा और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों समेत गिरफ्तार किया।
चांदनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक पीड़िता ने दिनांक 01 जुलाई 2025 को थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में इंस्ट्राग्राम के माध्यम से पटना बिहार निवासी चिंतामणी से दोस्ती हुई और मोबाईल नंबर के माध्यम से बातचीत होने लगी, इसी दौरान उसने अपनी बातों में फंसा कर बिहार में अच्छी हीरोईन/सिंगर बनाकर फिल्मों में काम दिलाने एवं 1 लाख 50 हजार रूपये प्रतिमाह देने का झांसा दिया गया। तब यह उसके झांसे में आकर आरोपी के पास पटना बिहार पहुंची, जहां आरोपी इसे किराये के रूम में ले जाकर मोबाईल कब्जे में लेकर अपने कस्टडी में रखकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर अनाचार किया।
इसके करीब 1 माह बाद पीड़िता किसी तरह आरोपी के चुंगल से बच कर वापस अपने घर पहुंची तब आरोपी के द्वारा फोन कर पैसा मांगने लगा, नहीं तो अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी दिया। तब पीड़िता डर के कारण पुनः पटना बिहार गई जहां आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया और अश्लील विडियो/फोटो बनाकर फर्जी आईडी के जरिए वायरल कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना चांदनी में आरोपी के विरूद्ध धारा 318(2), 127(3), 87, 64(2), 308(2), 351(2) बीएनएस व आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले की गंभीरतापूर्वक विवेचना कर पुख्ता साक्ष्य संकलन कर आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम विधिवत् पटना बिहार के लिए रवाना हुई, जहां प्राप्त सूचना एवं तकनीक की मदद से दबिश देकर आरोपी चिंतामणी उम्र 35 वर्ष को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने जुर्म स्वीकार किया, जिसके निशानदेही पर विडियों बनाने व वायरल करने में प्रयुक्त 1 लेपटाप, 2 नग मोबाईल जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुंतल, प्रधान आरक्षक ईशित बेहरा, प्रधान आरक्षक दीपक दुबे, प्रधान आरक्षक सुशील तिवारी व आरक्षक विकास मिश्रा सक्रिय रहे हैं।
