रायपुर, 28 अगस्त 2025। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी का अपमान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं पर चोट है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने बयान में कहा – “आज का दिन भारत के इतिहास में राजनीतिक स्तर के पतन के रूप में काला धब्बा रहेगा। जिस प्रकार कांग्रेस और आरजेडी ने मंच से गालियों से भरी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, उसने हर देशवासी को आक्रोशित किया है।”
उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी तीखा हमला बोला। डॉ. सिंह ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए तू-तड़ाक वाली भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं, और अब उनके मंच से एक ऐसी महिला (मोदी जी की माता) के लिए अपशब्द कहे गए, जिनका राजनीति से कोई संबंध ही नहीं था। यह कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
डॉ. रमन सिंह ने भावुक होते हुए कहा – “क्या उस गरीब माँ का यही दोष है कि उनका बेटा प्रधानमंत्री बनकर भारत माता की सेवा कर रहा है? यह देश ऐसी अभद्रता को कभी स्वीकार नहीं करेगा। 140 करोड़ भारतीय कांग्रेस–आरजेडी को इसका जवाब देंगे।”
उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल भारतीय संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ है, बल्कि राजनीति की गरिमा को भी ध्वस्त करता है। छत्तीसगढ़ महतारी का बेटा होने के नाते उन्होंने विपक्ष को चेतावनी दी कि जनता अपमानजनक राजनीति को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
