भारतीय जनता मजदूर संघ ने किया नया मनोनयन: राहुल गुप्ता बने जशपुर जिला महासचिव (निर्माण श्रमिक फोरम)
जशपुर, 30 अप्रैल 2025। भारतीय जनता मजदूर संघ (निर्माण श्रमिक फोरम) छत्तीसगढ़ प्रदेश ने श्रमिक कल्याण और संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाते हुए जशपुर जिले के श्री राहुल गुप्ता को जिला महासचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में संघ की ओर से जिला अध्यक्ष श्री खगेश्वर सिंह परमार द्वारा आधिकारिक मनोनयन पत्र जारी किया गया।
श्री खगेश्वर ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य देशभर के संगठित और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराना, शिविर एवं गोष्ठियों का आयोजन करना और उन्हें सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा से जोड़ना है। श्रमिक वर्ग के लिए जागरूकता एवं कल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाना संगठन की प्राथमिकता है।
जिला अध्यक्ष खगेश्वर सिंह परमार ने मनोनयन पत्र में कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रकाश अनंत की अनुशंसा पर की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गुप्ता श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करेंगे और संगठन की राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
उन्होंने कहा कि राहुल गुप्ता से अपेक्षा है कि वे जिले में श्रमिकों के कल्याण हेतु कार्यरत रहेंगे और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ेंगे। उनका यह प्रयास न केवल श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, बीमा और पेंशन जैसी सुविधाओं से जोड़ेगा, बल्कि श्रमिक वर्ग को सम्मान दिलाने की दिशा में भी मददगार साबित होगा।
राहुल गुप्ता की नियुक्ति से जशपुर जिले में मजदूर संघ की गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। संगठन का मानना है कि श्रमिक ही राष्ट्र निर्माण की असली धुरी हैं और उनका कल्याण सुनिश्चित करना ही संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। इस मनोनयन से जशपुर जिला श्रमिक हितों की लड़ाई में और अधिक सशक्त होगा।
