जशपुर में एसडीएम ने ली आपात बैठक : छठ पूजा से पहले जशपुर प्रशासन अलर्ट! घाटों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिये कसी कमर, छठ महापर्व की तैयारियों पर प्रशासन की सतर्क नजर.

जशपुर : जशपुर में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सी.एस. परमा की उपस्थिति में छठ समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घाटों की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने छठ पर्व के दौरान समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

श्री विश्वास राव मस्के जशपुर एसडीएम एवं सी.एस.परमा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जशपुर की उपस्थिति में आज शनिवार को एसडीएम कार्यालय में छठ पूजा समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें 25 से 28 अक्टूबर तक जशपुर में होने वाले छठ पूजा के संबंध में घाटों की साफ-सफाई, ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई जिसमें भास्कर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष श्री विद्या भूषण पाठक एवं श्री जयंत सोनी एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

भास्कर छठ पूजा समिति द्वारा अवगत कराया गया कि लाईट एवं सी.सी.टी.वी. तथा छठ घाट में पूजा पंडाल समीप हेल्प डेस्क हेतु पंडाल की व्यवस्था समिति द्वारा किया जावेगा। ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था पुलिस विभाग द्वारा किया जावेगा। नगर सेना का दल गोताखोर एवं नांव सहित लगातार गश्त करते रहेंगे एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीम छठ घाटों में उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं देंगे। पूजा के दौरान समिति के स्वयंसेवक सतर्कता रखते हुए कार्य में सहयोग करेंगे। विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया गया कि छठ घाटों में अनवरत एवं निर्वाध विद्युत व्यवस्था बनाये रखें। दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 02:00 से रात्रि 07:00 तक एवं 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः 03:00 से 09:00 तक कदमटोली मार्ग पर वाहनों का आवागमन निषेधित रहेगा।

Related posts