जशपुर : जशपुर जिले में जारी “जशपुर जम्बुरी 2025” में रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के तहत देशदेखा पर्यटन स्थल में करीब 120 पर्यटकों ने रॉक क्लाइंबिंग (Rock Climbing) का रोमांचक अनुभव लिया। यह गतिविधि पूरी तरह सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की निगरानी में कराई गई।
हरी-भरी वादियों और शांत वातावरण के बीच पर्यटक प्रकृति की गोद में सुकून और साहसिक अनुभवों का आनंद उठा रहे हैं।
रॉक क्लाइंबिंग को एक साहसिक पर्वतारोहण खेल माना जाता है, जिसमें प्रतिभागी प्राकृतिक चट्टानों या कृत्रिम दीवारों पर चढ़ाई करते हैं। इस खेल में न केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा होती है बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास की भी जरूरत होती है।
जशपुर जम्बुरी का यह आयोजन जिले में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यहां देशभर से आए पर्यटक स्थानीय संस्कृति, खान-पान और ग्रामीण परिवेश का अनुभव करते हुए “नेचर + एडवेंचर” के अनूठे मेल का आनंद ले रहे हैं।
पर्यटकों ने बताया कि जशपुर की वादियाँ रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों के लिए बेहद उपयुक्त हैं और यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता मन मोह लेती है।
