जशपुर जम्बुरी 2025 : देशदेखा में लोक कलाकारों के संग झूमे पर्यटक, चांदनी रात में सितारों के नीचे किया स्टार ग्रेजिंग का आनंद
जशपुर : जशपुर की वादियों में संस्कृति, संगीत और सितारों की रौशनी ने मिलकर एक अद्भुत माहौल बना दिया। “जशपुर जम्बुरी 2025” के पहले दिन देशदेखा पर्यटन स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में 120 से अधिक पर्यटक शामिल हुए और उन्होंने स्थानीय लोक कलाकारों के साथ जमकर थिरकते हुए लोक संस्कृति का आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान जशपुर की पारंपरिक आतिथ्य भावना ने हर पर्यटक का दिल जीत लिया। स्थानीय लोगों द्वारा दोना-पत्तल में परोसे गए शुद्ध और स्वादिष्ट जशपुरी व्यंजन का स्वाद मेहमानों ने आत्मीयता के साथ लिया।
जिले के प्रशासनिक दल और ग्रामीण समुदाय द्वारा किए गए आदर-सत्कार और गर्मजोशी भरे स्वागत से पर्यटक बेहद प्रभावित हुए।

संध्या बेला में जब चांदनी रात ने आसमान को सितारों से सजाया, तब पर्यटक और लोक कलाकारों ने साथ मिलकर लोक नृत्य की लय पर झूमकर जशपुर की संस्कृति को जीवंत कर दिया। ढोल-मांदर की थाप और पारंपरिक गीतों की गूंज से देशदेखा की वादियाँ गूंज उठीं।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रहा “स्टार ग्रेजिंग सेशन”, जिसमें पर्यटकों ने खुले आसमान के नीचे चमकते सितारों को निहारते हुए प्रकृति की सुंदरता और शांति का आनंद लिया। प्रशासन द्वारा इसके लिए विशेष दूरबीन और खगोल विशेषज्ञों की व्यवस्था की गई थी।
जशपुर जम्बुरी 2025 का यह आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है बल्कि स्थानीय लोक संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

