जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले के समस्त बैंक शाखा प्रबंधकों की ली गई बैठक, विभिन्न अपराधों एवं साइबर क्राइम की रोकथाम हेतु विभिन्न आवश्यक मुद्दों पर की गई चर्चा.
आपसी समन्वय एवं बैंक से जानकारी प्राप्त करने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने हेतु समस्त बैंक प्रबंधकों को दिया गया आवश्यक दिशा निर्देश.
बैंक द्वारा जानकारी मिलने में जितना होता है अधिक विलंब, उतनी ही अपराधी के फरार होने की होती है प्रबल संभावना.
म्यूल अकाउंट की रोकथाम हेतु किसी व्यक्ति का बैंक अकाउंट खोलने से पहले समुचित जांच, पूछताछ एवं संपूर्ण अनिवार्य वैध दस्तावेज होने के उपरांत ही खोला जाए उसका बैंक खाता.
होल्ड राशि के प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई कर संबंधित संबंधित प्रार्थी को दिलाया जाए अविलंब राशि.
बैंकों में आने वाले ग्राहकों की सुविधा एवं समुचित यातायात व्यवस्था का भी रखें विशेष ध्यान तथा उन्हें हेलमेट पहनने के लिए करें प्रोत्साहित.
बलौदाबाजार-भाटापारा : बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर साइबर क्राइम रोकथाम, म्यूल अकाउंट नियंत्रण, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और बैंक सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आपसी समन्वय को मजबूत करने तथा बैंकिंग प्रक्रियाओं में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।
दिनांक 01 दिसंबर 2025 को दोपहर 02:00 बजे से पुलिस कार्यालय सभाकक्ष बलौदाबाजार में जिले में स्थित समस्त बैंक शाखा प्रबंधकों का बैठक ली गयी। बैठक का मुख्य मुद्दा अपराधों की रोकथाम एवं साइबर क्राइम से जुड़े हुए आवश्यक मुद्दे रहे। इस दौरान पुलिस-बैंक प्रबंधन के मध्य आपसी समन्वय एवं बैंक में जानकारी आदि प्राप्त करने में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने हेतु यह समन्वय बैठक आयोजित किई गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा कहा गया कि किसी भी साइबर क्राइम की रोकथाम एवं साइबर अपराधी को पकड़ने में बैंक प्रबंधन का महत्वपूर्ण स्थान होता है। किसी भी प्रकरण में बैंक प्रबंधन से जानकारी विलंब से प्राप्त होने या नहीं मिलने से पीड़ित को न्याय नहीं मिल पाता, इसलिए पुलिस द्वारा साइबर क्राइम से संबंधित मांगी जाने वाली जानकारी अविलंब प्रदान करें।
इसके साथ ही किसी भी व्यक्ति का अकाउंट खोलते समय पूरी सावधानी बरतें। आवेदक का संपूर्ण कागजात प्राप्त करें, उसकी प्रारंभिक जांच एवं सामान्य पूछताछ कर पूरी तरीके से संतुष्ट होने एवं समस्त वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के उपरांत ही उसका अकाउंट ओपन करें, इसके साथ ही ग्राहक को बैंक खाता नियमों की पूरी जानकारी दें तथा उन्हें खाता के म्यूल अकाउंट के रूप में प्रयोग होने पर अपराध के दायरे में भी आने के संबंध में समुचित जानकारी प्रदान करें। श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा होल्ड राशि प्रकरणों पर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा गया कि माननीय न्यायालय का आदेश होने के उपरांत भी कई बैंक प्रबंधकों द्वारा होल्ड राशि पर कार्यवाही नहीं की जा रही है। यह एक प्रकार से माननीय न्यायालय के आदेश की अवहेलना है, इसलिए होल्ड राशि प्रकरणों पर प्राथमिकता के तहत कार्यवाही की जाए। बैठक में बैंक सुरक्षा हेतु सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरा आदि की सतत् मॉनिटरिंग करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने समस्त बैंक प्रबंधकों को बैंक में आने वाले ग्राहकों एवं आमजनों की सुविधा के लिए पर्याप्त यातायात एवं पार्किंग की व्यवस्था की सुनिश्चित करने हेतु तथा बैंक आने वाले लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने हेतु हिदायत दिया गया। इस दौरान बैठक में जिले के समस्त राष्ट्रीयकृत बैंक, ग्रामीण सहकारी बैंक आदि के बैंक प्रबंधक एवं बैंक अधिकारी सम्मिलित हुए।
