ऑपरेशन अंकुश का असर : कांसाबेल बाइक चोरी केस में बड़ी सफलता, दो साल से फरार बाइक चोर रितिक पैंकरा को पुलिस ने जशपुर से गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर जेल.

गौरतलब है कि जशपुर पुलिस के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में, पुराने प्रकरणों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु  ऑपरेशन अंकुश चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस लगातार विशेष अभियान चला, फरार आरोपियों की पता साजी कर रही है, इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा दो वर्षों से फरार एक मोटर साइकल चोर को पकड़ने में सफलता मिली है।

प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 28 जुलाई 2023 थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत प्रार्थी विक्की गुप्ता, जो कि पटवारी का कार्य करता है व गंझू कालोनी कांसाबेल में, किराए के मकान में निवासरत था, ने थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 27 जुलाई 2023 को वह रात्रि करीबन 10:00 बजे अपने काम से वापस आकर अपनी यामाहा मोटर साइकल क्रमांक OD – 02- S – 2211 को अपने किराए के मकान के बाहर खड़ी कर, घर में चला गया था। सुबह उठ कर देखा, तो पाया कि उसकी मोटर सायकल, घर के बाहर नहीं थी, आस-पास खोजबीन की कहीं पता नहीं चला। उसे संदेह था, कि उसकी यामाहा मोटर सायकल को किसी व्यक्ति के द्वारा चोरी कर ले जाया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा मामले से जुड़े दो आरोपियों विशाल भगत उम्र 22 वर्ष निवासी, तपकरा बाधरकोना, जशपुर व विनोद विश्वकर्मा उम्र 22 वर्ष, निवासी भागलपुर जशपुर को वर्ष 2023 में ही गिरफ्तार कर, उनके कब्जे से चोरी की मोटर सायकल OD – 02- S – 2211 को बरामद कर लिया था। मामले का अन्य आरोपी रितिक कुमार पैंकरा, जिसे भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया था, घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस के द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त फरार आरोपी रितिक कुमार पैंकरा, सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत, बरटोली भागलपुर में अपने गृह निवास पर देखा गया है। जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, फरार आरोपी रितिक को बरटोली भागलपुर से उसके घर की घेरा बंदी कर हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस की पूछताछ पर आरोपी रितिक कुमार पैंकरा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना दिनांक 27 जुलाई 2023 को वह अपने साथियों के चोरी की नियत से, कांसाबेल गया हुआ था, इसी दौरान रात्रि में एक घर के सामने मोटर साइकल खड़ी देखा, उनके द्वारा मोटर साइकल की हैंडल को तोड़, मोटर सायकल चुरा कर ले जाया गया था।

Related posts