ईब नदी से अवैध उत्खनन पर शिकंजा — जशपुर और फरसाबहार में प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अमय कंस्ट्रक्शन से 960 घनमीटर रेत जब्त, नियम विरुद्ध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू

जशपुर : अवैध रेत खनन व परिवहन के संदर्भ में प्राप्त शिकायत पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच कर ठोस कार्रवाई की गई है। सहायक खनि अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान ग्राम भुड़केला, तहसील जशपुर में वाहन क्रमांक सीजी 14 एमजी 1390 द्वारा अवैध रूप से रेत परिवहन किया जाना पाया गया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त किया गया तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

 खनि अधिकारी ने बताया कि तहसील फरसाबहार क्षेत्र में ईब नदी से अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की जांच के दौरान पूर्व में 09 फरवरी 2026 को ईब नदी से निकाली गई 960 घनमीटर रेत अमय कन्स्ट्रक्शन, जशपुर से जप्त की गई थी। इस मामले में भी अधिनियम की धारा 21 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि तहसील फरसाबहार अंतर्गत ईब नदी पर ग्राम बलुवाबहार में वैध रेत खदान स्वीकृत है। इसके अतिरिक्त अवैध उत्खनन पर रोक लगाने एवं सुव्यवस्थित खनन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु ग्राम दाईजबहार 1 हेक्टेयर, ग्राम खारीबहार 4 हेक्टेयर तथा ग्राम बरकसपाली 1 हेक्टेयर को रेत खदान घोषित कर निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सतत निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts