जशपुर में खनिज न्यास निधि पर सख्त रुख: कलेक्टर रोहित व्यास की दो टूक—नियमों से समझौता नहीं, गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई; स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास को मिलेगी प्राथमिकता

जशपुर कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास और शासी परिषद प्रबंध कारिणी समिति ली बैठक

राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा,कौशल विकास और किसानों को लाभान्वित करने के लिए किया जाएगा

शासन के नियमों के तहत ही कार्य होंगे स्वीकृत

नियमों का उलंघन करने और गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बहुत जरूरी

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास और शासी परिषद प्रबंध कारिणी समिति की बैठक ली।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शासन के नियमों का भी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राशि का उपयोग स्वास्थ्य,शिक्षा, कुपोषण को दूर करने, युवाओं के कौशल विकास और आजीविका के सृजन, स्वच्छता, आवास, कृषि, पशुपालन और अन्य प्राथमिकता वाले कार्यों में ही किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि खनिज संस्थान न्यास निधि के तहत जिले के प्राथमिक वाले कार्यों को लेना है।

कलेक्टर ने कौशल विकास के तहत बांस से बनाए जाने वाले सामग्री, गुड़ बनाने की विधि, जशपुर में बड़ी संख्या में कटहल उत्पादन को देखते हुए इसको भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं। ताकि युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा सके।

कलेक्टर ने कृषि विभाग, पशुपालन उद्यानिकी विभाग को भी प्रस्ताव भेजने से पहले किसानों की आवश्यकता और उनके लाभ को ध्यान में रखते हुए जानकारी भेजने के लिए कहा है।

उन्होंने कहा कि अन्य प्राथमिकता वाले कार्यों में उसी कार्यों को शामिल किया जाएगा जो बहुत जरूरी हो।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बहुत जरूरी है नियमों का उलंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई।

उन्होंने कहा कि कार्यों की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय निगरानी समिति का भी गठन किया जो कार्यों की सतत् निगरानी करेगी ।

Related posts