जवानों की क्षमता संवर्धन की नई पहल : बस्तर में सुरक्षा का ‘पावर सेंटर’ तैयार ! हाईटेक ट्रेनिंग एरिना और जिम से जवान होंगे और घातक व सक्षम, आधुनिक ट्रेनिंग और फिटनेस सुविधाओं से लैस हुआ नारायणपुर पुलिस बल.

दिनांक 19 अप्रैल 2026 को मुख्य अतिथि मा. केदार कश्यप  मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन (वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग) द्वारा डी.आर.जी. परिसर सूलेंगा (नारायणपुर) में शहीद श्री बिरेंद्र सिंह शोरी शौर्य पुलिस ट्रेनिंग एरिना एवं शहीद श्री खोटलू राम कोर्राम पुलिस जिम (पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर), नारायणपुर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, तत्पश्चात अतिथियों द्वारा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया गया।

शहीद श्री बिरेंद्र सिंह शोरी शौर्य पुलिस ट्रेनिंग एरिना के माध्यम से जवानों को ड्रिल, सामरिक रणनीति, बाधा दौड़, त्वरित प्रतिक्रिया अभ्यास, आपदा प्रबंधन, टीम समन्वय एवं आधुनिक स्मार्ट पुलिसिंग तकनीकों का प्रभावी प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे जवान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अधिक दक्षता, आत्मविश्वास एवं तत्परता के साथ कार्य कर सकेंगे।

वहीं शहीद श्री खोटलू राम कोर्राम पुलिस जिम में स्थापित उन्नत हाईटेक मशीनों के माध्यम से जवानों को कार्डियो प्रशिक्षण, मांसपेशियों की मजबूती, स्टैमिना विकास, वजन नियंत्रण, शारीरिक संतुलन एवं मानसिक तनाव कम करने जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। नियमित व्यायाम से जवानों की कार्यक्षमता, सहनशीलता, एकाग्रता एवं स्वास्थ्य स्तर में सकारात्मक वृद्धि होगी।

मुख्य अतिथि वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि नारायणपुर पुलिस की यह पहल पुलिस एवं सुरक्षा बल, विशेष रूप से डी.आर.जी., बस्तर फाइटर एवं केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related posts