सुशासन तिहार में पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं : पीएम जनमन योजना के तहत पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मनोरा जनपद के ग्राम खरसोता-बिछीटोली में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन योजना) के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां ग्रामीणों को उनके गांव के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे पहाड़ी कोरवा परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित की तथा गंभीर मरीजों को आगे उपचार हेतु आवश्यक सलाह भी दी। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में इस प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचने से उन्हें काफी राहत मिल रही है। पहले छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब शिविर के माध्यम से गांव में ही उपचार उपलब्ध हो रहा है। स्वास्थ्य शिविर में पोषण, टीकाकरण, मातृ स्वास्थ्य एवं सामान्य बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई।
