कुनकुरी में क्रिकेट का प्रलयकारी तूफान: CSK की दिल थाम देने वाली जीत, GT का भी कहर—KPL चैप्टर 4 बना हाई-वोल्टेज रोमांच का मैदान

KPL चैप्टर 4 में चौकों-छक्कों की बरसात, आखिरी ओवर तक चला रोमांच… CSK और GT ने शानदार जीत से मैदान में जीत का डंका बजाया!

कुनकुरी : कुनकुरी का खेल मैदान बुधवार को एक बार फिर क्रिकेट के जुनून, रोमांच और सनसनी का गवाह बना, जहां KPL चैप्टर 4 के लीग मुकाबलों ने दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा। हर गेंद पर बढ़ता तनाव, हर चौके पर गूंजती तालियां और हर विकेट पर उठता शोर—पूरा माहौल किसी बड़े क्रिकेट महोत्सव से कम नहीं था। दिन के दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि मैच आखिरी ओवर तक रोमांच से भरपूर बने रहे और दर्शक अपनी सीटों पर टिके रहे।

पहले मुकाबले में कुनकुरी सुपर किंग्स (CSK) और कुनकुरी नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने थे। टॉस जीतकर KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की। अजय बंजारे ने मात्र 12 गेंदों में 27 रन ठोककर टीम को तेज गति दी, जबकि लक्ष्मण बेहरा ने 10 गेंदों में 24 रन बनाकर रन रेट को और ऊंचा किया। शोभा यादव की नाबाद 35 रनों की संयमित पारी ने टीम को 110 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में CSK की शुरुआत धमाकेदार रही। मन्नू मेहरा ने मात्र 19 गेंदों में नाबाद 48 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख ही बदल दिया। भोले हरि और राज भगत ने भी उपयोगी योगदान दिया। KKR की ओर से लक्ष्मण बेहरा और अजय बंजारे ने 2-2 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन CSK ने 9.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।

दिन का दूसरा मुकाबला कुनकुरी टाइटंस (GT) और कुनकुरी कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया, जहां गेंद और बल्ले के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। DC की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। कप्तान कैश ने 27 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली, वहीं विवेक बजाज “छोटे काका” ने 31 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को संभाला। अरुण लाकड़ा ने भी 15 रन जोड़कर स्कोर को 81 रन तक पहुंचाया। जवाब में GT के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन दिखाते हुए DC को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। सोनू चौहान ने 2 विकेट लेकर कसी हुई गेंदबाजी की, जबकि अंकित मिंज ने गेंद और फील्डिंग दोनों में शानदार योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी GT की शुरुआत थोड़ी संभली हुई रही, लेकिन श्री राम बघेल की नाबाद 29 रनों की पारी ने टीम को मजबूती दी। किशन कुमार मुंजनी ने ताबड़तोड़ 18 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। GT ने 8 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

KPL चैप्टर 4 अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है जहां हर मैच एक नए इतिहास की कहानी लिख रहा है। मैदान में खिलाड़ियों का जज्बा, दर्शकों का उत्साह और हर मुकाबले में बढ़ता रोमांच इस टूर्नामेंट को और भी खास बना रहा है।

इस भव्य आयोजन में KPL चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी और KPL 2026 अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता की अहम भूमिका रही। समिति सदस्य अशिष सिंह, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, अर्जू नागेशिया और लिंकन केरकेट्टा लगातार आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी आशिष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग और अभिषेक झा ने निभाई, जबकि कमेंट्री टीम सुनील राय, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता और विनय संवाशी ने अपने जोशीले अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्कोरिंग का कार्य सारांश सिंह “गन्नू” और शमीम शेख ने संभाला।

KPL चैप्टर 4 में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय स्थान को ₹21,000 और चतुर्थ स्थान को ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी—जिससे हर टीम का जोश और भी ज्यादा बढ़ गया है।

Related posts