जशपुर पुलिस ने बचाया 7 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से, आरोपी तस्कर फरार, पतासाजी जारी, मामला चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम डहुकोना का
गौ तस्कर, जंगल के रास्ते पैदल हांक कर ले जा रहे थे, गौ-वंशों को झारखंड की ओर.
मामले में चौकी मनोरा में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर : जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ-तस्करों के चंगुल से 7 नग गौ-वंशों को सकुशल मुक्त कराया है। मनोरा क्षेत्र के जंगलों से झारखंड की ओर पैदल ले जाए जा रहे गौ-वंशों को पुलिस ने समय रहते बचा लिया। हालांकि अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 20 मई 2026 की प्रातः करीबन 4:30 बजे चौकी लोदाम पुलिस को मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम डहुकोना के जंगल के रास्ते 07 नग गौ-वंशों को पैदल जल्दी-जल्दी हांक कर बेरहमी पूर्वक मारते पीटते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जा रहे हैं। जिस पर चौकी मनोरा पुलिस टीम के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मुखबिर की सूचना की तस्दीक हेतु ग्राम डहुकोना रवाना हुआ गया, जहां जंगल में पुलिस ने देखा कि दो व्यक्ति कुछ गौ-वंशों को पैदल हांक कर जल्दी जल्दी पैदल हांक कर ले जा रहे हैं। जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा तत्काल घेरा बंदी की गई, इस दौरान पुलिस की टीम को देख कर संदिग्ध गौ तस्कर, अंधेरे व जंगल का फायदा उठाते हुए गौ-वंशों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के द्वारा मौके से 07 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया, पुलिस के द्वारा सभी 07 नग गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। पुलिस की टीम फरार गौ तस्करों की पतासाजी कर रही है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
प्रकरण में पुलिस के द्वारा चौकी मनोरा में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11 (1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंशों की सकुशल बरामदगी में चौकी प्रभारी मनोरा सहायक उपनिरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो, प्रधान आरक्षक वितीन भगत, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, आरक्षक रविन्द्र पैंकरा व आरक्षक जगजीवन राम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मनोरा क्षेत्र में 07 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया गया है, आरोपी तस्कर फरार हैं, पुलिस फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है, मामले में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।
