जशपुर के दो ‘राहवीर’ बने जिंदगी के फरिश्ते: सड़क हादसे में घायलों की जान बचाने पर ₹25-25 हजार और पुलिस सम्मान

सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले 02 गुड सेमेरिटन नागरिकों प्रियांश भगत एवं श्रवण कुमार भगत को जशपुर पुलिस ने किया सम्मानित

  • डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने उक्त दोनों व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट देकर सम्मानित किया
  • केन्द्र सरकार की राहवीर योजना से 02 व्यक्तियों को मिला 25-25 हजार रू. प्रोत्साहन राशि मिला,
  • डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने कहा- समय पर की गई मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।

जशपुर : जशपुर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटना में घायलों की त्वरित सहायता कर मानवता का परिचय देने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ”राह वीर योजना“ के अंतर्गत दो गुड सेमेरिटन नागरिकों को सम्मानित किया गया। दोनों नागरिकों को जशपुर पुलिस द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट प्रदान किए गए, वहीं भारत सरकार की ओर से ₹25,000-₹25,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

राह-वीर योजना (गुड सेमेरिटन स्कीम) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक केंद्रीय पहल है, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ”गोल्डन आवर“ (दुर्घटना के बाद का पहला महत्वपूर्ण घंटा) के भीतर अस्पताल या ट्रामा सेंटर पहुंचाने वाले नेक व्यक्ति को ₹25,000 का नकद इनाम और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।

प्रियांश भगत पिता सोमशीतल भगत निवासी ओल्ड पावर हाउस, रायगढ़ रोड, जशपुर ने दिनांक 10 फरवरी 2026 को ग्राम आटापाठ के समीप सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित रूप से निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं श्रवण कुमार भगत पिता श्री सुखू राम निवासी ग्राम बालाछापर ने दिनांक 31 जनवरी 2026 को एनएच-43 पर सड़क दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी सहायता की।

दोनों नागरिकों द्वारा प्रदर्शित मानवीय संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं त्वरित कार्रवाई को देखते हुए उन्हें ”राह वीर योजना“ के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया तथा भारत सरकार द्वारा ₹25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने कहा है कि:- ”सड़क दुर्घटना के बाद का ”गोल्डन आॅवर“ अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि घायल को समय पर उपचार मिल जाए तो उसका जीवन बचाया जा सकता है। ऐसे सद्भावी नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जशपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क दुर्घटना होने पर बिना किसी भय के घायलों की सहायता करें और उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग दें। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (सद्भावी नागरिक) को कानून द्वारा संरक्षण प्राप्त है तथा उनकी सहायता और मानवीय पहल को शासन द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित भी किया जाता है।“

Related posts