मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर को दी ₹33.78 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
एक उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण, चार पुलों का भूमिपूजन एवं 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों का किया लोकार्पण
हजारों ग्रामीणों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी होगी मजबूत
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने एक उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण एवं चार नए उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों से जिले के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।
डोड़की नदी पर 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने नारायणपुर-गौता -रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 10 गांवों की 7,471 आबादी लाभान्वित होगी। ग्रामीणों को जिला मुख्यालय, तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने के साथ चिकित्सा, शिक्षा एवं रोजगार संबंधी आवश्यकताओं के लिए बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
चार उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले में आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के लिए कुल 22 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।
रेंगारघाट-कुड़कला मार्ग के बोलजोरा में पुल निर्माण
जिला जशपुर के रेंगारघाट से कुड़केला मार्ग पर बोलजोरा में 92 मीटर लंबाई के उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 47 लाख 98 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से क्षेत्र के लगभग 6,500 ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
बोड़ाकछार-चटकपुर मार्ग के चंपाझरिया में पुल निर्माण
जिला जशपुर के बोड़ाकछार से चटकपुर मार्ग पर चंपाझरिया में 100 मीटर लंबाई के उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से क्षेत्र के लगभग 3,519 ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
बसेनताला-चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में पुल निर्माण
जिला जशपुर के बसेनताला से चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में 63 मीटर लंबाई के उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 2 करोड़ 55 लाख 72 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से क्षेत्र के लगभग 6,133 ग्रामीण लाभान्वित होंगे।
ठेठेटांगर -चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में पुल निर्माण
जिला जशपुर के ठेठेटांगर -चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में 312 मीटर लंबाई के उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 11 करोड़ 27 लाख 3 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से क्षेत्र के लगभग 6,000 ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण, बिजली आपूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया। इन विद्युत उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और सुचारु बिजली सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा।
विकास कार्यों से ग्रामीणों का जीवन होगा सुगम : मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में जिले में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आज जशपुर जिले में एक उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण और चार नए पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इसके साथ ही ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण भी किया गया है। इन पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं विद्युत उपकेंद्रों से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को जिला एवं तहसील मुख्यालय तक पहुंचने, चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहूलियत होगी। हमारी सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों के माध्यम से आम नागरिकों का जीवन सुगम और सुविधाजनक बनाना तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसपी लालउमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, श्री सत्यनारायण बड़ाईक चीक बड़ाईक महासभा, श्रीमती मंजू भगत, सरपंच ग्राम पंचायत जोकारी, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री उपेंद्र यादव सहित हजारों संख्या मे समाज प्रमुख और नागरिक शामिल हुये । जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
