मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम जोकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती मंजू भगत के नवनिर्मित घर का कराया गृह प्रवेश
फीता काटकर नए आवास में कराया प्रवेश, मुख्यमंत्री ने परिवार को दी शुभकामनाएं
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्राम जोकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती मंजू भगत के नवनिर्मित आवास का फीता काटकर गृह प्रवेश कराया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रीमती मंजू भगत एवं उनके परिवार को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और नए आवास के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का आवास मिलने से श्रीमती मंजू भगत के परिवार का अपने स्वयं के घर का सपना साकार हुआ है। नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश के अवसर पर परिवार में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। मुख्यमंत्री के हाथों गृह प्रवेश की यह सौगात परिवार के लिए विशेष खुशी और यादगार पल बन गई।
