रायपुर में महिलाओं की सुरक्षा का मजबूत कवच बनी पिंक पेट्रोल : स्कूल-कॉलेज से बाजार तक हर गतिविधि पर पैनी नजर, पिंक पेट्रोल की सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त.

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित एवं अपराध-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार प्रभावी कार्यवाही कर रही है। यह पहल महिला एवं बाल सुरक्षा के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। पिंक पेट्रोल यूनिट की टीमें प्रतिदिन अपने निर्धारित क्षेत्रों में स्थित स्कूल, कॉलेज, पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास, छात्रावास, उद्यान, बाजार, कॉलोनियों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त करती हैं। गश्त के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है तथा असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाती है।

कार्यवाही के दौरान विद्यालयों एवं कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से बैठे अथवा छात्राओं को असहज करने वाले युवकों को तत्काल वहां से हटाया जाता है तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी जाती है। इसी प्रकार मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करना, अनावश्यक भीड़ लगाना तथा अन्य छोटे-छोटे कानून व्यवस्था संबंधी उल्लंघनों पर मौके पर ही त्वरित हस्तक्षेप कर संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी एवं समझाइश दी जाती है। आवश्यकता पड़ने पर उनसे उठक-बैठक कराकर सामाजिक उत्तरदायित्व का एहसास भी कराया जाता है, जिससे वे भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न करें।

पिंक पेट्रोल यूनिट का मुख्य उद्देश्य छोटी-छोटी अवांछनीय गतिविधियों को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकना है, ताकि वे भविष्य में गंभीर अपराध का रूप न ले सकें। इससे गलियों, मोहल्लों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भय-मुक्त वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

गश्त के दौरान यदि कोई व्यक्ति गंभीर अपराध करते हुए अथवा किसी संज्ञेय अपराध में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे तत्काल संबंधित थाना भेज कर विधि अनुसार प्रतिबंधात्मक अथवा वैधानिक कार्यवाही की जाती है, आवश्यकतानुसार अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है।

Related posts