पुस्तकों से आगे बढ़ी सीख: सनशाइन स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने कुनकुरी थाने में जाना पुलिस का मानवीय चेहरा, व्यवहारिक शिक्षा से मिले अनुशासन, कानून और राष्ट्रप्रेम के अनमोल संस्कार

सनशाइन स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने किया कुनकुरी थाने का शैक्षणिक भ्रमण; व्यवहारिक ज्ञान के साथ सीखा अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का पाठ

कुनकुरी : कुनकुरी के जैन मंदिर रोड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सनशाइन स्कूल द्वारा छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास और व्यवहारिक समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण (Educational Trip) का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल के तहत विद्यालय के प्ले स्कूल, नर्सरी, एल.के.जी., यू.के.जी. तथा कक्षा-द्वितीय तक के नन्हे-मुन्नों को विशेष बस के माध्यम से थाना कुनकुरी ले जाया गया। इस भ्रमण का मुख्य ध्येय बच्चों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, कानून का महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।

थाना परिसर पहुँचने पर पुलिस कर्मियों द्वारा बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी राकेश यादव एवं महिला पुलिस कर्मचारियों ने बच्चों के साथ बेहद आत्मीयता से संवाद स्थापित किया। उन्होंने बेहद सरल, सहज और रोचक भाषा में बच्चों को यातायात के नियमों, कानून-व्यवस्था के पालन, अनुशासन तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के गुणों के बारे में बताया। पुलिस अधिकारियों ने नन्हे विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सुरक्षा संदेश पहुँचाने की पहल करते हुए उनसे अपील की कि वे अपने माता-पिता को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए अवश्य प्रेरित करें।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नन्हे-मुन्नों में गजब का उत्साह और उत्सुकता देखने को मिली। बच्चों ने थाना परिसर, कार्यालयों, सुरक्षा उपकरणों और हवालात/जेल व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। कौतूहल से भरे बच्चों ने पुलिस की कार्यशैली से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ ने बड़ी ही सहृदयता और रोचक अंदाज में उत्तर दिया। इस जीवंत संवाद ने न केवल बच्चों की जिज्ञासा को शांत किया, बल्कि उनके भीतर छिपे संकोच को दूर कर आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या पूजा जैन ने शैक्षणिक भ्रमण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान बच्चों के विकास के लिए पर्याप्त नहीं है। देखकर और अनुभव करके सीखने की प्रक्रिया से बच्चों का मानसिक और बौद्धिक विकास तेजी से होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का यह सहयोग बच्चों के मन से पुलिस के प्रति किसी भी डर को दूर कर उनमें विश्वास और सम्मान जगाने में बेहद मददगार सिद्ध होगा। प्राचार्या ने सफल आयोजन के लिए थाना प्रभारी राकेश यादव एवं समस्त कुनकुरी पुलिस स्टाफ के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

विद्यालय की इस सकारात्मक और रचनात्मक पहल की अभिभावकों ने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभिभावकों का कहना था कि इस प्रकार के व्यावहारिक भ्रमण से बच्चों में कम उम्र से ही कानून के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों की समझ, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का अंकुरण होता है।

इस शैक्षणिक भ्रमण के सफल संचालन में विद्यालय प्रशासन प्रबंधक अमन जैन एवं प्राचार्या पूजा जैन के मार्गदर्शन में शिक्षिकाओं— खुशबू सिंह, नेहा सोनी, अंशु ताम्रकर, तारानुम खान, श्रेया ठाकुर, रिया ठाकुर तथा सहयोगी स्टाफ रोसलिन एवं बिंदिया की सराहनीय भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों और विद्यालय परिवार के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।

Related posts