दूसरे दिन 53993 हजार पार्थिव शिवलिंगों का पूजन संपन्न, बुधवार को होगी भव्य पूर्णाहुति
श्री फलेश्वर नाथ मंदिर बगिया में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का दूसरा दिन भक्तिमय वातावरण में संपन्न.
जशपुर/कुनकुरी : जशपुर के बगिया स्थित श्री फलेश्वर नाथ मंदिर में चल रहे 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग पूजन महाअनुष्ठान का दूसरा दिन आस्था और भक्ति से सराबोर रहा। मंगलवार को करीब 53,993 पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया गया। सुबह से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और हर-हर महादेव के जयघोष से मैनी नदी तट गूंजता रहा। अब बुधवार को भव्य पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।
श्रावण मास के पावन अवसर पर बगिया स्थित मैनी नदी तट के श्री फलेश्वर नाथ मंदिर में आयोजित 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग पूजन महाअनुष्ठान के दूसरे दिन मंगलवार को करीब 53993 हजार पार्थिव शिवलिंगों का पूजन एवं अभिषेक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इससे पहले प्रथम दिवस में 25 हजार पार्थिव शिवलिंग का पूजन संपन्न हुआ था। मंगलवार की सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक किया। इसके पश्चात आरती और प्रसाद वितरण हुआ। बड़ी संख्या में शिव भक्तों की सहभागिता से मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

बुधवार को होगा आयोजन का भव्य समापन –
तीन दिवसीय इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का सोमवार को शुभारंभ हुआ, इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने विधिवत यहां के फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अनुष्ठान का बुधवार, 19 अगस्त को समापन होगा। अंतिम दिन पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ विशेष पूर्णाहुति संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात भगवान भोलेनाथ की आरती एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं से सपरिवार मंदिर पहुंच कर अंतिम दिवस के धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।
भक्ति और आस्था से सराबोर रहा मंदिर परिसर –
दूसरे दिन हुए विशाल पूजन एवं अभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। मंत्रोच्चार, भगवान शिव के जयघोष और धार्मिक अनुष्ठानों से श्री फलेश्वर नाथ मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। बुधवार को पूर्णाहुति के साथ 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग पूजन के इस भव्य धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन होगा। आयोजन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की जाएगी।
