छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान एवं पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत नॉर्थ जोन में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लगभग 1600 छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर ठगी के नए तरीकों एवं बचाव के उपायों की दी गई जानकारी
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान “संवाद से समाधान” के तहत गुड टच-बैड टच सहित अन्य विषयों पर भी किया गया संवाद
संदिग्ध लिंक, मैसेज एवं अनजान APK फाइल से सतर्क रहने की दी गई समझाइश
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की दी गई जानकारी
रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन में आज विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 1600 छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के व्यवहारिक उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
थाना पंडरी क्षेत्र अंतर्गत St. Pallotti College, कांपा में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया।
थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के विकास नगर स्थित न्यू टेक पब्लिक स्कूल में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताए गए तथा उन्हें अपने परिजनों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना खम्हारडीह क्षेत्र के शासकीय स्कूल में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत ईश्वर पब्लिक स्कूल, बिरगांव में लगभग 1000 छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों की सहभागिता में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के साथ यातायात जागरूकता एवं नए आपराधिक कानून से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक अभ्यास शाला, BTI ग्राउंड शंकर नगर में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 बच्चों से संवाद करते हुए “संवाद से समाधान” के तहत गुड टच-बैड टच एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
सभी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को संदिग्ध लिंक अथवा मैसेज पर क्लिक नहीं करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने, OTP, PIN, CVV एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा फर्जी KYC, बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, ऑनलाइन निवेश एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को अपने घर जाकर माता-पिता एवं परिजनों को भी साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करने एवं QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
