सिविल सर्जन ने किया स्पष्ट, निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार दायित्वों का निर्वहन कर रहे जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सक
सोशल मीडिया पर चिकित्सकों की ड्यूटी को लेकर प्रसारित जानकारी भ्रामक एवं तथ्यहीन
जशपुर : जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं चिकित्सकों की ड्यूटी के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही पोस्ट के संबंध में सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उक्त पोस्ट में दी गई जानकारी तथ्यात्मक नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सक निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। चिकित्सालय में ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाएं, चिकित्सकीय राउंड सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित रूप से संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सक मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं। मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सालय की सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त पोस्ट को भ्रामक एवं तथ्यहीन बताते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। उन्होंने नागरिकों से भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं को आगे प्रसारित करने से बचने तथा किसी भी जानकारी की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग अथवा अधिकृत स्रोत से करने का आग्रह किया है।
