वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम ने बिलासपुर स्टेशन पर बिछड़े दृष्टिबाधित यात्री को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
बिलासपुर : बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग की ‘स्पेशल सेल’ ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिवार से बिछड़े एक दृष्टिबाधित (नेत्र दिव्यांग) यात्री को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर एक परिवार बिलासपुर से नागपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था। स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही के दौरान परिवार का एक दृष्टिबाधित सदस्य अचानक अपने परिजनों से अलग हो गया। यात्री के लापता होने से चिंतित परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना ऑन-ड्यूटी ‘स्पेशल सेल’ को दी।
सूचना मिलते ही स्पेशल सेल की टीम ने बिना समय गंवाए स्टेशन परिसर में खोजबीन शुरू की। टीम ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाश करते हुए कुछ ही समय में यात्री को सुरक्षित खोज निकाला और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
अपने परिजन को सकुशल पाकर परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने स्पेशल सेल की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सहयोग के लिए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात पूरा परिवार सुरक्षित रूप से नागपुर के लिए रवाना हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया वाणिज्य विभाग की स्पेशल सेल द्वारा की गई यह त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई, यात्रियों, विशेषकर दिव्यांग एवं जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
