फरार वारंटियों एवं लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के क्रम में रायपुर पुलिस को मिली सफलता
₹16 लाख की राशि हड़पने के मामले में करीब दो वर्ष से फरार आरोपी गिरफ्तार
रायपुर : डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर फरार वारंटियों एवं लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मौदहापारा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने ₹16 लाख की राशि हड़पने के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी अमित सिंह पिता सुरेंद्र सिंह, उम्र 41 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 173/2024, धारा 406, 408 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स, शारदा चौक में वर्कर/कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत था। दिनांक 24.05.2024 को दुकान संचालक द्वारा उसे यूको बैंक में जमा कराने हेतु दुकान की कलेक्शन राशि ₹1,00,000/- तथा दिल्ली से आए व्यापारी संजय वर्मा से प्राप्त ₹15,00,000/-, कुल ₹16,00,000/- की राशि सौंपी गई थी।
आरोपी द्वारा उक्त राशि बैंक में जमा न कराकर बेईमानी पूर्वक अपने पास रख ली गई तथा फरार हो गया। मामले में दिनांक 27.05.2024 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
प्रकरण में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान दिनांक 19.08.2026 की देर रात्रि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सिंह को रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फरार वारंटियों एवं लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे आरोपियों की पता साजी कर उनके विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
