थाना पंडरी द्वारा 8 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार — चोरी की रकम भी बरामद
थाना पंडरी क्षेत्र में घर से 12,000 रुपये नगदी चोरी का मामला
घटना के लगभग 8 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर किया गया गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 7,000 रुपये नगद बरामद
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
रायपुर : थाना पंडरी क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड मोवा स्थित किराना दुकान संचालक के घर से नगदी चोरी के मामले में थाना पंडरी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के लगभग 8 घंटे के भीतर आरोपी पंकज सोनवानी पिता स्व. मोहन सोनवानी, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती सतनामी पारा, मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया गया।
प्रार्थी द्वारा थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 19.08.2026 की रात्रि परिवार के साथ सोने के बाद सुबह उसकी पत्नी घर का दरवाजा हल्का बंद कर दुकान खोलने चली गई। बाद में प्रार्थी को अपनी पेंट की जेब में रखे 12,000 रुपये नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद भी रकम नहीं मिलने पर थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रकरण की विवेचना के दौरान मोहल्ले में लगे सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई, जिसमें पंकज सोनवानी घर वाली गली में संदिग्ध रूप से आता-जाता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उसने घर का दरवाजा हल्का खुला देखकर अंदर प्रवेश कर 12,000 रुपये चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने चोरी की रकम में से 5,000 रुपये खर्च करना तथा शेष 7,000 रुपये अपने पास होना बताया। आरोपी के कब्जे से 7,000 रुपये नगद बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
थाना पंडरी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 8 घंटे के भीतर ही चोरी का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी एवं चोरी की रकम की बरामदगी की गई।
