एक और बेटी की संदिग्ध मौत, सरकार से सम्हल नहीं रही व्यवस्था – शालिनी राजपूत

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने सूरजपुर जिले के एक एसईसीएल कर्मी की 17 वर्षीय बेटी की संदिग्ध मृत्यु पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी हाल ही मुंगेली की एक बेटी से दुष्कर्म के आरोपी से समझौता करने के लिए थानेदार द्वारा दबाव बनाने का मामला सामने आया और अब सूरजपुर जिले में जिस बच्ची की मौत हुई है, उसमें परिस्थितिजन्य साक्ष्य चीख चीख कर कह रहे हैं कि उसके साथ बलात्कार किया गया है। आशंका है कि बलात्कार करने के बाद उसे फांसी पर लटका दिया गया। लड़की का मृत शरीर पंखे से लटका मिला।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पूरे प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है। राज्य में सरकार चला रही कांग्रेस अन्य राज्यों की किसी घटना पर छत्तीसगढ़ में धरने पर बैठ जाती है। मंत्री तक प्रदर्शन करते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में बेटियों का जिस्म नोंचने, उन्हें फांसी पर लटका देने के मामले में कांग्रेस की सरकार की चेतना सो जाती है। क्या मुंगेली और सूरजपुर जिले की घटनाओं पर कांग्रेस सरकार के मंत्री धरने पर बैठेंगे। यह सरकार महिलाओं और बेटियों की जान की दुश्मन बन गई है। बीते रोज स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में एक अस्पताल में एक मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत के बाद उसके गरीब पिता को बेटी की लाश घर ले जाने वाहन नहीं दिया गया तो वह कंधे पर लादकर बेटी की मृत देह ले जाने मजबूर हुआ। अब संस्कृति मंत्री के क्षेत्र में नाबालिग लड़की का यह मामला सामने आया है। भूपेश बघेल सरकार महिला सशक्तिकरण की दुहाई देते नहीं थकती और स्थिति यह है कि महिलाओं और बेटियों के लिए छत्तीसगढ़ सुरक्षित नहीं रह गया है। राज्य का महिला आयोग भी महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है। कांग्रेस सरकार में महिलाओं की इज्जत और जिंदगी संकट में है।

Related posts