साइबर जागृति अभियान’ (चौथा सप्ताह – महिला/छात्राएं केंद्रित): थाना पलारी पुलिस द्वारा शासकीय महाविद्यालय वटगन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
चौथे सप्ताह की थीम “स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंग” के तहत छात्राओं को दी गई विस्तृत जानकारी
सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव और प्राइवेसी सेटिंग्स के प्रति छात्राओं व महिलाओं को किया गया जागरूक
क्यूआर (QR) कोड स्कैन कर “जागरूकता की एक सेल्फी” लेने और युवा शक्ति को अभियान से जुड़ने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा : साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ (15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026) के चौथे सप्ताह (06 – 12 सितंबर 2026) के अंतर्गत जिले में पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में विशेष महिला/छात्राएं केंद्रित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 10.09.2026 को थाना पलारी पुलिस टीम द्वारा शासकीय महाविद्यालय वटगन में एक विशेष संवादात्मक साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालयीन छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंग” पर विशेष जोर:- चौथे सप्ताह की निर्धारित गतिविधियों के अनुरूप पलारी पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया:
1. स्मार्टफोन प्राइवेसी सेटिंग्स: छात्राओं को अपने मोबाइल में ऐप्स की परमिशन मैनेज करने, लोकेशन ट्रैकिंग व अनावश्यक डेटा एक्सेस को ब्लॉक करने की जानकारी दी गई।
2. सुरक्षित ब्राउज़िंग व फर्जी वेबसाइटें: इंटरनेट का उपयोग करते समय संदिग्ध लिंक्स, फर्जी शॉपिंग पोर्टल्स, जॉब फ्रॉड और असुरक्षित वेबसाइटों से दूर रहने के निर्देश दिए गए।
3. सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा: इंस्टाग्राम, फेसबुक व व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म्स पर प्राइवेसी टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) लागू करने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने और व्यक्तिगत तस्वीरें/जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
4. ऑनलाइन उत्पीड़न व ब्लैकमेलिंग से बचाव: साइबर बुलिंग, फेक प्रोफाइल और ऑनलाइन प्रताड़ना की स्थिति में बिना डरे तुरंत पुलिस प्रशासन व परिजनों को सूचित करने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
जागरूकता की एक सेल्फी” से जुड़ने का आह्वान:- कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्राओं व प्राध्यापकों से अपील की गई कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बैनर/पोस्टर पर उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर अपनी “जागरूकता की एक सेल्फी” (Ek Selfie) अवश्य लें और इसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश प्रसारित करें। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों व छात्राओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन उत्पीड़न या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
