दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल क्षेत्राधिकार के माननीय सांसदों के साथ महाप्रबंधक व रेल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न
संतोष पांडेय माननीय सांसद राजनांदगांव की अध्यक्षता मे हुई बैठक
यात्री सुविधाओं तथा रेल विकास से संबन्धित कार्यों पर बैठक में हुई चर्चा
दपूमरे, नागपुर मंडल 19 सितम्बर 2026
रायपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के माननीय सांसदों की बैठक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ आज दिनांक 19 सितम्बर 2026 को आयोजित की गई । तुली इंपीरियल, रामदासपेठ, नागपुर में आयोजित यह बैठक सौहार्दपूर्ण तथा सहयोगात्मक माहौल में संतोष पांडेय माननीय सांसद राजनांदगांव, की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई ।
इस बैठक में संतोष पांडेय, माननीय सांसद राजनांदगांव के अलावा माननीय सांसद बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), श्याम कुमार दौलत बर्वे (रामटेक), डॉ. प्रशान्त यादवरावजी पडोले (भंडारा), नामदेव किरसान (गढ़चिरोली–चिमूर), श्रीमती भारती पारधी (बालाघाट), श्रीमती सुमित्रा बाल्मिक (जबलपुर), श्रीमती माया चिंतामन इवनाते (नागपुर) एवं राजेन्द्र जैन (गोंदिया) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रतिनिधि रोचिराम गुरवानी (मंडला) तथा श्रीमती प्रतिभा सुरेश धानोरकर की प्रतिनिधि बी. आर. शेगांवकर (चंद्रपुर) एवं प्रफुल मनोहरभाई पटेल माननीय सांसद गोंदिया के प्रतिनिधि राजू मानिकराव कारमोरे (विधायक तुमसर) भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर दीपक कुमार गुप्ता, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष एवं नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे तरुण प्रकाश ने उपस्थित सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी के मार्गदर्शन और बहुमूल्य सुझाव का लाभ हमें अपनी सेवाओं को और बेहतर करने में मिलेगा ।
बैठक में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का परिचय, उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं तथा विकासात्मक कार्यों से संबन्धित प्रजेंटेशन माननीय सांसदों के समक्ष प्रस्तुत किया गया । प्रजेंटेशन में नागपुर मंडल में यात्री सुविधाओं से संबन्धित किए जा रहे कार्य ,आधारभूत संरचना का विकास, गाड़ियों का क्षमता आवर्धन, दिव्यांगजन सुविधा, अमृत भारत स्टेशन योजना, वन स्टेशन वन प्रॉडक्ट, महिलाओं के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाएं जैसे मेरी सहेली अभियान आदि का विशेष उल्लेख किया
गया । रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139, यात्री सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण आदि की विस्तृत जानकारी साझा की गई ।
माननीय सांसदों द्वारा मंडल में हो रहे विकास कार्यों, उपलब्ध यात्री सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया गया तथा अपने क्षेत्र से संबन्धित विभिन्न जन सरोकारों से संबन्धित मुद्दों के माध्यम से स्थानीय स्तर की समस्याओं तथा जनता की आकांक्षाएं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप विभिन्न स्टेशनों में यात्री सुविधा का विस्तार करने की आवश्कताओं से अवगत कराया तथा ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं एवं समयबद्धता पर सुझाव दिए। साथ ही बैठक में विभिन्न स्टेशनों में यात्री सुविधाओं तथा रेलवे विकास से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई ।
महाप्रबंधक ने सभी सांसदों को अपने-अपने क्षेत्र की जनता की आकांक्षाएं एवं अपेक्षाओं से रेल प्रशासन को अवगत कराने एवं विकासात्मक सुभाव देने के लिए धन्यवाद दिया । साथ ही बैठक में उठाए गए मुद्दों तथा सुझावों को नियमानुसार प्राथमिकता के साथ पूरा करने के प्रयास के प्रति आश्वस्त किया ।
बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सुझाव देने तथा बैठक को सफल बनाने हेतु माननीय सभी सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया ।
