ट्रैफिक पुलिस का एक्शन मोड, ब्लैक-ग्रे स्पॉट पर दिन-रात सघन चेकिंग; सितंबर में 11,373 वाहन चालकों पर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप

जिले के ब्लैक-ग्रे स्पॉट पर यातायात पुलिस की पैनी नजर, दिन और रात के समय विशेष वाहन चेकिंग अभियान जारी।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर दुर्घटना के समय के अनुसार लगाई जा रही चेकिंग — लापरवाह वाहन चालकों पर लगातार कार्यवाही।

इस माह आज दिनांक तक  यातायात नियमों के उल्लंघन में 11375 वाहन चालकों पर कार्यवाही की गयी।

बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब सेवन कर वाहन चलाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

दुर्ग : यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पूर्व में घटित सड़क दुर्घटनाओं के समय एवं कारणों का विश्लेषण कर उसी के अनुरूप दिन एवं रात में विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य दुर्घटना संभावित समय में तेज गति, शराब सेवन कर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

इसी क्रम में सितंबर माह में आज दिनांक 28/09/2026 तक वाहन चेकिंग के दौरान लगभग 11373 वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही की गई है। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 6672, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 626 , शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले133, तेज गति से वाहन चलाने वाले 167, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले134, दो पहिया वाहन में तीन सवारी 1175 तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक शामिल हैं।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह विशेष चेकिंग अभियान दिन और रात निरंतर जारी रखा जा रहा है, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

अपील :- यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन को लापरवाही एवं तेज गति से न चलाएं। स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Related posts