बिलासपुर से चांपा तक चला स्वच्छता का महासंकल्प! ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश समेत रेल अधिकारियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया बड़ा संदेश

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश एवं अधिकारियों ने बिलासपुर व चांपा स्टेशन पर किया श्रमदा

बिलासपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज 01 अक्टूबर 2026 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राकेश रंजन सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने बिलासपुर एवं चांपा रेलवे स्टेशनों पर श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कहा “स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ जैसे कार्यक्रम स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अपने सभी स्टेशनों एवं रेल परिसरों को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मैं सभी रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों और आम नागरिकों से अपील करता हूं कि स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।”

इसके अलावा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों में रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के द्वारा सामूहिक श्रमदान के तहत सफाई का कार्य किया गया। साथ ही साथ सभी ने सामूहिक रूप से स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

Related posts